Khaleda Zia: कौन हैं खालिदा जिया? शेख हसीना के बांग्लादेश छोड़ते ही हो गई जेल से रिहाई

Bangladesh Protest: बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने सोमवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद से शेख हसीना का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को रिहा करने का भी आदेश दिया, जो कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से घर में नजरबंद थीं

अपडेटेड Aug 06, 2024 पर 5:51 PM
Story continues below Advertisement
Bangladesh Protest: बांग्लादेश के राष्ट्रपति ने पीएम शेख हसीना के इस्तीफा देने और देश छोड़ने के एक दिन बाद मंगलवार को संसद भंग कर दी

Bangladesh Protest: बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया को जेल से रिहा कर दिया गया है। वह 2018 से जेल में बंद थीं। उनकी रिहाई ऐसे समय हुई है जब सरकार विरोधी प्रदर्शनों के कारण सोमवार (5 अगस्त) को उनकी धुर विरोधी शेख हसीना को सत्ता से बेदखल होना पड़ा। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने सोमवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद से शेख हसीना का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को रिहा करने का भी आदेश दिया, जो कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से घर में नजरबंद थीं। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने राजनेताओं और सेना के साथ अंतरिम सरकार के गठन पर चर्चा करने के बाद मुख्य विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की प्रमुख जिया को तत्काल रिहा करने का आदेश दिया।

शहाबुद्दीन ने संसद को भंग करने के बाद एक अंतरिम सरकार का गठन करने का भी ऐलान किया। राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने देश में जारी विरोध-प्रदर्शनों के दौरान गिरफ्तार सभी छात्रों को रिहा करने का भी आदेश दिया। इससे पहले दिन में, बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमां ने कहा कि हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और एक अंतरिम सरकार कार्यभार संभालने जा रही है। पिछले दो दिनों में हसीना सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में 100 से अधिक लोग मारे गए हैं।

कौन हैं खालिदा जिया? (Who is Khaleda Zia?)


15 अगस्त, 1945 को जन्मीं खालिदा जिया बांग्लादेश के तत्कालीन राष्ट्रपति और सैन्य नेता जियाउर रहमान की पत्नी हैं, जिनकी 1981 में सेना द्वारा तख्तापलट की कोशिश में हत्या कर दी गई थी। तीन साल बाद जिया अपने पति की रूढ़िवादी BNP की प्रमुख बन गईं और उन्होंने 'बांग्लादेश को गरीबी और आर्थिक पिछड़ेपन से मुक्त करने' के अपने लक्ष्य को पूरा करने की कसम खाई।

हसीना के साथ हाथ मिलाकर उन्होंने एक लोकप्रिय विद्रोह का नेतृत्व किया जिसने 1990 में सैन्य शासक हुसैन मोहम्मद इरशाद को सत्ता से उखाड़ फेंका। उनके सहयोग के विफल होने के बाद अगले साल बांग्लादेश ने अपने पहले स्वतंत्र चुनाव कराए। इस्लामी राजनीतिक सहयोगियों का समर्थन प्राप्त करने के बाद जिया विजयी हुईं और बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। वह पाकिस्तान की बेनजीर भुट्टो के बाद मुख्य रूप से मुस्लिम राष्ट्र की लोकतांत्रिक सरकार का नेतृत्व करने वाली दुनिया की दूसरी महिला बनीं।

सत्ता में खालिदा जिया का प्रदर्शन

खालिदा ने राष्ट्रपति सिस्टम को संसदीय शासन प्रणाली से बदल दिया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विदेशी निवेश पर प्रतिबंध हटा दिए और प्राथमिक शिक्षा को अनिवार्य और मुफ़्त बना दिया। हालांकि 1996 के चुनावों में वह हसीना से हार गईं, लेकिन पांच साल बाद सत्ता में लौट आईं।

खालिदा जिया और शेख हसीना के बीच कैसा रिश्ता था?

खालिदा की सरकार और उसके इस्लामी सहयोगियों पर 2004 में हसीना द्वारा संबोधित की जा रही रैली पर ग्रेनेड से हमला करने का आरोप लगा था। इस हमले में हसीना बच गईं, लेकिन 20 से ज्यादा लोग मारे गए और 500 से अधिक घायल हो गए। सालों बाद उनके सबसे बड़े बेटे पर उनकी अनुपस्थिति में मुकदमा चलाया गया और हमले के लिए उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

शेख हसीना ने पहली बार 1996 में प्रधानमंत्री पद संभाला था और तब से दोनों नेता बारी-बारी से सत्ता में आते रहे हैं और उनकी प्रतिद्वंद्विता ने देश को गहराई से ध्रुवीकृत कर दिया है। हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग ने खुद को एक उदारवादी, धर्मनिरपेक्ष पार्टी के रूप में स्थापित किया है, जो अक्सर बीएनपी पर चरमपंथी तत्वों को पनाह देने का आरोप लगाती रही है।

खालिदा का प्रधानमंत्री के रूप में दूसरा कार्यकाल 2006 में समाप्त हुआ, जब राजनीतिक अस्थिरता के बीच सेना समर्थित अंतरिम सरकार ने सत्ता संभाली। अंतरिम सरकार ने खालिदा और हसीना दोनों को भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप में लगभग एक साल तक जेल में रखा। उसके बाद 2008 में आम चुनाव से पहले उन्हें रिहा कर दिया गया।

ये भी पढ़ें- विदेश मंत्री जयशंकर बोले- 'शेख हसीना ने कुछ समय के लिए भारत आने की मांगी थी मंजूरी', बांग्लादेश में हिंसा के बाद हाई अलर्ट पर BSF

हालांकि खालिया की बीएनपी ने 2008 के चुनाव का बहिष्कार किया था, लेकिन हसीना के साथ तनावपूर्ण संबंधों के कारण दोनों को "लड़ाकू बेगम" कहा जाने लगा। दोनों दलों के बीच तनाव के कारण अक्सर हड़तालें, हिंसा और मौतें होती रही हैं, जिससे बांग्लादेश में आर्थिक विकास धीमा हो गया है।

शेख हसीना के पहली बार 1996 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद से दोनों नेता बारी-बारी से सत्ता में आते रहे हैं और उनकी प्रतिद्वंद्विता ने देश को गहराई से ध्रुवीकृत कर दिया है। हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग ने खुद को एक उदारवादी, धर्मनिरपेक्ष पार्टी के रूप में स्थापित किया है, जो अक्सर बीएनपी पर चरमपंथी तत्वों को पनाह देने का आरोप लगाती रही है।

सेना प्रमुख जनरल वकर-उज-जमान सहित उच्च पदस्थ सैन्य अधिकारी और बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी सहित विभिन्न विपक्षी दलों के नेता उस बैठक में शामिल हुए, जिसके कारण जिया को रिहा किया गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।