DA Hike: इस राज्य के सरकारी कर्मचारियों को मिला बड़ा तोहफा, महंगाई भत्ते में 3% की बढ़ोतरी

DA Hike: इस फैसले से करीब 2.15 लाख कर्मचारियों और 1.90 लाख पेंशनभोगियों को फायदा होगा। एक बयान में कहा गया है कि इससे राज्य के खजाने पर करीब 500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुक्खू ने कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादे पर अमल करते हुए दूसरे चरण में जून 2023 से 18 वर्ष से अधिक आयु की स्पीति की सभी 9,000 महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक भत्ता देने की भी घोषणा की

अपडेटेड Apr 17, 2023 पर 12:15 PM
DA Hike: पेंशनभोगियों और राज्य सरकार के कर्मचारियों को अब 34 प्रतिशत डीए मिलेगा, जो पहले 31 प्रतिशत था

7th Pay Commission Update: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (Dearness Allowance- DA) में तीन प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। पेंशनभोगियों और राज्य सरकार के कर्मचारियों को अब 34 प्रतिशत डीए मिलेगा, जो पहले 31 प्रतिशत था। इस फैसले से करीब 2.15 लाख कर्मचारियों और 1.90 लाख पेंशनभोगियों को फायदा होगा। एक बयान में कहा गया है कि इससे राज्य के खजाने पर करीब 500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने केंद्र और कुछ अन्य राज्य सरकारों की ओर से डीए में बढ़ोतरी के बाद यह फैसला किया है। केंद्र सरकार की ओर से डीए में 4 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद अब केंद्रीय कर्मचारियों का डीए (DA Hike) 38 प्रतिशत से बढ़कर 42 प्रतिशत हो गया है। इसका लाभ केंद्र सरकार के 47.58 लाख कर्मचारियों और 69.76 लाख पेंशनभोगियों (Pensioners) को मिलेगा।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, केंद्रीय कर्मचारियों (Central Government Employees) को जल्द ही एक और बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। रिपोर्ट्स की मानें तो सरकार इस साल जुलाई में महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत की और वृद्धि कर सकती है। केंद्र सरकर के कर्मचारियों को अभी 42 फीसदी की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है। केंद्र सरकार एक फॉर्मूले के आधार पर कर्मचारियों के लिए डीए और डीआर में संशोधन करती है।


महिलाओं के लिए 1,500 रुपये मासिक भत्ते की घोषणा

इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुक्खू ने कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादे पर अमल करते हुए दूसरे चरण में जून 2023 से 18 वर्ष से अधिक आयु की स्पीति की सभी 9,000 महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक भत्ता देने की भी घोषणा की। कांग्रेस ने पिछले साल विधानसभा चुनाव के दौरान 18 से 60 साल की उम्र की महिलाओं को हर घर लक्ष्मी, नारी सम्मान निधि के तहत यह मासिक भत्ता देने का वादा किया था।

हिमाचल दिवस समारोह पहली बार लाहौल और स्पीति जिले के स्पीति उप-मंडल में चीन की सीमा से लगे और लामाओं की भूमि कहे जाने वाले काजा शहर में आयोजित किया गया था। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद सुक्खू ने प्रदेश की जनता को हार्दिक बधाई दी और हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार का आभार व्यक्त किया।

सुक्खू ने 50 बिस्तर वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और काजा में एक महाविद्यालय स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्पीति घाटी के रंगरिक में हवाई पट्टी विकसित करने का मुद्दा रक्षा मंत्रालय के समक्ष उठाएगी। सुक्खू ने कहा कि रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ ही इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें- 7th pay commission DA Hike: जल्द 50% होगा डीए! केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन में होगा बंपर इजाफा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भावा को मड से जोड़ने के लिए एक सड़क के निर्माण को भी प्राथमिकता देगी, जो दुनिया की सबसे अधिक ऊंचाई वाली सड़क होगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्पीति के गांव लांग्जा में केंद्र सरकार के सहयोग से एक खगोलीय वेधशाला स्थापित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि काजा के पास शेगो में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल की स्थापना के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। उन्होंने कहा कि यह शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण घटनाक्रम साबित होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।