IMD Forecast: दिल्ली और यूपी सहित इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम

IMD Forecast: 12 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक ताजा साइक्लोन सर्कुलेशन बनने की आशंका है, जिसकी वजह से कुछ राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। 12 सितंबर से ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की आशंका है

अपडेटेड Sep 10, 2023 पर 11:29 PM
IMD Forecast: अगले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तर पश्चिम भारत में भारी बारिश की आशंका है

IMD Rains Forecast: नई दिल्ली में G-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में रात भर और रविवार तड़के भारी बारिश हुई। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-NCR में हल्की बारिश होने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 11 और 12 सितंबर को दिन में बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश होने की आशंका है। दिल्ली-NCR में शनिवार को हल्की और रविवार तड़के भारी बारिश हुई। बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तर पश्चिम भारत में भारी बारिश की आशंका है।

मौसम विभाग ने सोमवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

दिल्ली के मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने रविवार को न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।


IMD के सात दिवसीय साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, हल्की बारिश के साथ सोमवार 11 सितंबर को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

इन राज्यों में भी होगी बारिश

मौसम विभाग ने 48 घंटे के दौरान पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। IMD ने कहा कि मानसून ट्रफ वर्तमान में दक्षिण में है। यह फिलहाल जैसलमेर, कोटा, सीधी, जमशेदपुर, दीघा और फिर पूर्व-दक्षिणपूर्व की ओर बंगाल की पूर्वोत्तर खाड़ी से गुजर रही है। अगले 3-4 दिनों में पूरे पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की भी आशंका है।

ये भी पढ़ें- Rajasthan Rape Case: भीलवाड़ा गैंगरेप मामले में नया मोड़, राजस्थान पुलिस का दावा- पति के डर से महिला ने सुनाई 'मनगढ़ंत' कहानी

इसके अलावा, 12 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक ताजा साइक्लोन सर्कुलेशन बनने की आशंका है, जिसकी वजह से कुछ राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। 12 सितंबर से ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की आशंका है। IMD ने अगले कुछ दिनों में केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश की भविष्यवाणी की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।