Anantnag Encounter: जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के घने वन क्षेत्र से आतंकवादियों का सफाया करने का अभियान सोमवार 18 सितंबर को छठे दिन भी जारी है। आतंकियों को पकड़ने के लिए ड्रोन और हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है। अनंतनाग में हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल के तीन अधिकारी और एक अन्य जवान शहीद हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी कश्मीर जिले के कोकेरनाग इलाके में गडोले के जंगलों में आतंकवादियों के ठिकानों का पता लगाने के लिए ड्रोन और हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कोकेरनाग में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच 100 घंटे से अधिक समय तक चली भीषण मुठभेड़ के बाद अभी भी तलाशी अभियान जारी है।
