भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) पर 1.31 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना KYC और 'लोन्स एंड एडवांसेज' से जुड़े कुछ निर्देशों का पालन नहीं करने के लिए लगाया गया है। रिजर्व बैंक ने कहा कि उसने 31 मार्च, 2022 तक बैंक की वित्तीय स्थिति के संदर्भ में वैधानिक निरीक्षण किया। उसके बाद बैंक को एक नोटिस जारी किया गया था। नोटिस को लेकर पंजाब नेशनल बैंक के जवाब पर विचार करने के बाद, RBI ने पाया कि PNB (Punjab National Bank) ने सब्सिडी/रिफंड/रिइंबर्समेंट के माध्यम से सरकार से प्राप्त होने वाली राशि के बदले में राज्य सरकार के मालिकाना हक वाले 2 कॉरपोरेशंस को वर्किंग कैपिटल डिमांड लोन मंजूर किए।
