Get App

केदारनाथ में बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं को लेकर आ रहा हेलीकॉप्टर क्रैश; 7 की मौत

Kedarnath Helicopter Crash: इस दुर्घटना में मरने वालों में पायलट और एक शिशु भी शामिल है। ऐसा अनुमान है कि खराब मौसम के कारण विजिबिलिटी कम होने की वजह से यह हादसा हुआ। इस बार की चारधाम यात्रा के दौरान अलग-अलग धामों पर हेलिकॉप्टर से जुड़ी कई घटनाएं हुई हैं

Edited By: Ritika Singhअपडेटेड Jun 15, 2025 पर 12:10 PM
केदारनाथ में बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं को लेकर आ रहा हेलीकॉप्टर क्रैश; 7 की मौत

उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में बड़े हादसे की खबर है। केदारनाथ के पास रविवार को एक प्राइवेट कंपनी आर्यन एविएशन का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार 6 श्रद्धालुओं समेत 7 लोगों की मौत हो गई। सुबह लगभग साढ़े पांच बजे हेलीकॉप्टर ने केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरी और अचानक यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया है कि यह दुर्घटना गौरीकुंड के जंगलों के ऊपर हुई। इस दुर्घटना में मरने वालों में पायलट और एक शिशु भी शामिल है। ऐसा अनुमान है कि खराब मौसम के कारण विजिबिलिटी कम होने की वजह से यह हादसा हुआ। रजवार ने कहा कि राहत और बचाव दल भेजे गए हैं। रुद्रप्रयाग के जिला पर्यटन विकास अधिकारी और हेली सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे का कहना है कि हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई, जिसके बाद दुर्घटना का पता चला।

मृतकों की हुई पहचान

रुद्रप्रयाग जिले की पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान महाराष्ट्र निवासी राजकुमार सुरेश जायसवाल (41 साल), उनकी पत्नी श्रद्धा जायसवाल (35 साल) और बेटी काशी (2 साल), उत्तर प्रदेश निवासी विनोद देवी (66 साल) और तुसथी सिंह (19 साल) और केदारनाथ निवासी विक्रम एवं पायलट राजवीर सिंह चौहान के रूप में हुई है। हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच ‘विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो’ (AAIB) करेगा।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें