DA Hike: दिवाली से पहले केंद्र के अलावा इन राज्यों ने सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में की बढ़ोत्तरी, देखें लिस्ट

असम के सरकारी कर्मचारियों के वेतन में दिवाली से एक दिन पहले महंगाई भत्ते की बढ़ोत्तरी की गई है। इससे पहले केंद्र के अलावा कई राज्य सरकारों की तरफ से भी अपने-अपने कर्मचारियों के लिए DA बढ़ाने का ऐलान की जा चुकी है

अपडेटेड Oct 23, 2022 पर 3:09 PM
Story continues below Advertisement
DA Hike: हाल में केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 4% की वृद्धि की थी

DA Hike: दीपावली से पहले केंद्र सरकार ने हाल ही में अपने कर्मचारियों के लिए 4 फीसदी महंगाई भत्ते को बढ़ाने का ऐलान किया था। मंत्रिमंडल ने पिछले महीने केंद्रीय कर्मचारियों एवं पेंशनधारियों के लिए 4 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता (DA) एवं महंगाई राहत (DR) की अतिरिक्त किस्त जारी करने को मंजूरी दी थी।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कर्मचारी और पेंशनभोगी महंगाई भत्ते और महंगाई राहत की बढ़ी हुई राशि के लिए जुलाई 2022 से हकदार होंगे।

ये भी पढ़ें- Cyclone Sitrang: दिवाली पर चक्रवात का साया! इन राज्यों के लिए अगले 48 घंटे बेहद अहम, IMD ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट


सरकार के इस निर्णय से 41.85 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 69.76 लाख पेंशनधारकों को लाभ मिलेगा। अनुराठ ठाकुर ने बताया कि इसके तहत केंद्रीय कर्मचारियों एवं पेंशनधारियों के लिये 4 फीसदी की दर से महंगाई भत्ता एवं राहत की किस्त जारी की जाएगी।

इन राज्यों ने महंगाई भत्ते में की वृद्धि

झारखंड (Jharkhand)

झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल ने 10 अक्टूबर को अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत की वृद्धि करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। यह वृद्धि एक जुलाई 2022 से प्रभावी होगी।

एक अधिकारी ने बताया कि इस फैसले से 1.35 लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि यह फैसला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। कैबिनेट सचिव वंदना डाडेल ने बताया कि इस फैसले के साथ ही राज्य सरकार के कर्मियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता 34 प्रतिशत से बढ़कर 38 प्रतिशत हो गया है।

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh)

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के अधिकारियों-कर्मचारियों को दीपावली से पहले महंगाई भत्ता में पांच प्रतिशत बढ़ोतरी की सौगात दी है। 14 अक्टूबर को सीएम भूपेश बघेल ने डीए को 5 फीसदी बढ़ाकर 33 फीसदी कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए डीए (महंगाई भत्ता) में पांच प्रतिशत बढ़ोत्तरी का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री और वित्त विभाग के मंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर वित्त विभाग ने डीए में बढ़ोत्तरी का आदेश जारी कर दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि डीए की बढ़ी हुए दर चालू अक्टूबर माह से ही प्रभावी होगी और इसका भुगतान एक अक्टूबर 2022 से किया जाएगा। डीए में पांच प्रतिशत की वृद्धि के बाद राज्य में सातवें वेतनमान से वेतन पाने वालों को 33 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।

हरियाणा (Haryana)

हरियाणा की मनोहर लाल सरकार ने अपने कर्मचारियों और रिटायर्ड कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा दिया है। केंद्र सरकार का अनुसरण करते हुए प्रदेश सरकार ने सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त कर रहे सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता 34 प्रतिशत से बढ़ाकर 38 प्रतिशत कर दिया है।

बढ़ा हुआ भत्ता एक जुलाई 2022 से लागू होगा।वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने 18 अक्टूबर इस संबंध में लिखित आदेश जारी कर दिए। प्रदेश में करीब ढाई लाख कर्मचारी सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन ले रहे हैं, जिन्हें इस फैसले का सीधा लाभ मिलेगा।

UP

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशन भोगियों को दिवाली का तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते और महंगाई राहत की दर में एक जुलाई से चार प्रतिशत की वृद्धि का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 18 अक्टूबर को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी।

उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों/पारिवारिक पेंशनरों के महंगाई भत्ते व महंगाई राहत की मौजूदा दर 34% को एक जुलाई 2022 से बढ़ाकर 38% कर दिया है।’ मुख्यमंत्री ने इसी ट्वीट में एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा ‘वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए प्रत्येक कर्मचारी को 6,908 रुपये बोनस देने का निर्णय लिया गया है।’

कर्नाटक (Karnataka)

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने 7 अक्टूबर को राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3.75 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दे दी। फिलहाल कर्नाटक सरकार के कर्मचारियों को उनके मूल वेतन का 27.25 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलता है, जो बढ़कर 31 प्रतिशत हो गया है। महंगाई भत्ते में वृद्धि से सरकारी खजाने पर 1,282.72 करोड़ रुपए का भार पड़ेगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, “…मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने 1 जुलाई 2022 से सरकारी कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3.75% वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे राज्य के खजाने पर 1,282.72 करोड़ रुपए का भार पड़ेगा।”

पंजाब (Punjab)

पंजाब सरकार ने 21 अक्टूबर को अपने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का फैसला किया। राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे राज्य के कर्मचारियों के लिए दिवाली उपहार करार दिया। एक बयान में कहा गया कि एक अन्य निर्णय में राज्य मंत्रिमंडल ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को इस साल एक अक्टूबर से 6 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) देने का फैसला किया गया है।

असम (Assam)

असम के सरकारी कर्मचारियों के वेतन में भी महंगाई भत्ते की बढ़ोत्तरी की गई है। सरकार ने महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत का इजाफा किया है। दिवाली से एक दिन पहले असम सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने का ऐलान किया है। डीए में बढ़ी हुई दर इस साल 1 जुलाई से लागू होगी। इसका ऐलान खुद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने किया है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि मुझे ऐसा करते हुए खुशी हो रही है। इससे पहले भी राज्य सरकार ने मेधावी छात्रों को 36 हजार स्कूटर बांटने की ऐलान किया था और राज्य के होमगार्ड्स के लिए भी महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी की घोषणा की गई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।