DA Hike: केंद्र सरकार ने बुधवार को मौजूदा और रिटायर्ड सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3% बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैश्नव ने बताया कि इस बढ़ोतरी से 49 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनरों को लाभ होगा।
यह बढ़ोतरी 1 जुलाई, 2025 से प्रभावी होगी। इसका खर्च लगभग 10,084 करोड़ रुपये आएगा।
दिवाली से पहले मिली खुशखबरी
जैसे-जैसे दिवाली का त्योहार नजदीक आ रहा था, केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को DA और DR बढ़ोतरी की घोषणा का इंतजार था। आमतौर पर यह बढ़ोतरी बड़े त्योहारों के समय की जाती है ताकि बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों और पेंशनरों की आर्थिक स्थिति मजबूत रहे। हालांकि, इस साल नोटिफिकेशन में थोड़ी देरी हुई है।
सरकार DA और DR में हर साल दो बार बदलाव करती है। पहली बार जनवरी और दूसरी बार जुलाई में। इसमें महंगाई के हिसाब से सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में इजाफा किया जाता है। वहीं, रिटायर्ड कर्मचारियों की पेंशन भी महंगाई राहत के तौर पर बढ़ती है। इसका मकसद कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई के असर से बचाना रहता है।
कर्मचारियों को कितना फायदा होगा?
7वें वेतन आयोग के तहत 3% की बढ़ोतरी से न्यूनतम मूल वेतन 18,000 रुपये पाने वाले कर्मचारियों की मासिक आय में 540 रुपये की बढ़ोतरी होगी। इससे कुल कमाई 28,440 रुपये हो जाएगी।
वहीं, 9,000 रुपये न्यूनतम पेंशन पाने वाले पेंशनरों की पेंशन में 270 रुपये की वृद्धि होगी। उनकी कुल पेंशन नए 58% दर पर 14,220 रुपये हो जाएगी।
पिछली बार कितना बढ़ा था DA
सरकार ने मार्च 2025 में DA/DR में 2% की बढ़ोतरी लागू की थी, जो 1 जनवरी से प्रभावी हुई थी। इस इजाफे के बाद DA 55% तक बढ़ गया था। इससे कर्मचारियों और पेंशनरों को बढ़ती लागत के बीच अतिरिक्त वित्तीय सहारा मिलता है।
रेलवे कर्मचारियों का बोनस
केंद्रीय कैबिनेट ने रेलवे कर्मचारियों के प्रदर्शन-आधारित बोनस के लिए भी मंजूरी दे दी है। केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और मजदूरों के संघ (CCGEW) ने देरी को लेकर चिंता जताई थी। आमतौर पर यह घोषणा सितंबर के अंत में होती है और पेंशन/वेतन की रकम अक्टूबर की शुरुआत में जारी होती है।