घरेलू बाजारों की तरह वैश्विक बाजारों में भी सोने की कीमतों में गिरावट जारी है। ग्लोबल मार्केट में सोने का हाजिर भाव 3.3% गिरकर 4703.27 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। यह अब तक 5594.82 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड हाई देख चुका है। अप्रैल में डिलीवरी वाला अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.3% गिरकर 4729.20 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। डॉलर की मजबूती और प्रॉफिट बुकिंग से सोने में बिकवाली का दबाव है। मजबूत डॉलर अन्य करेंसीज में सोने की खरीद को महंगा बना देता है, जिससे इसकी मांग घट जाती है।
इसके अलावा सोने की कीमत में गिरावट की एक वजह यह भी है कि CME ग्रुप ने कीमती धातुओं के लिए मार्जिन रिक्वायरमेंट बढ़ा दी हैं। ये सत्र के अंत से लागू होनी हैं। इससे कीमतों पर दबाव पड़ा। साथ ही निवेशक यह भी आकलन कर रहे हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फेडरल रिजर्व के लिए चुने गए नए चेयरमैन केविन वॉर्श ब्याज दरों में कटौती को लेकर क्या रुख अपनाएंगे। वॉर्श मई 2026 में जेरोम पॉवेल का कार्यकाल खत्म होने के बाद फेड के चेयरमैन का पद संभालेंगे।
COMEX गोल्ड फ्यूचर्स मार्जिन बढ़कर होगा 8%
CME ग्रुप ने शनिवार को अपने मेटल फ्यूचर्स पर मार्जिन बढ़ाने की घोषणा की और ये बदलाव सोमवार को मार्केट बंद होने के बाद लागू होंगे। COMEX गोल्ड फ्यूचर्स मार्जिन (1oz) 6% से बढ़ाकर 8% कर दिया गया है। COMEX 5000 सिल्वर फ्यूचर्स (SI) 11% से बढ़कर 15% होने वाला है। प्लैटिनम और पैलेडियम फ्यूचर्स में भी मार्जिन की जरूरतें बढ़ेंगी।
मार्जिन रिक्वायरमेंट्स में बढ़ोतरी आम तौर पर प्रभावित कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए नेगेटिव होती है। इसकी वजह है कि ज्यादा कैपिटल खर्च स्पेक्युलेटिव पार्टिसिपेशन को कम कर सकता है, लिक्विडिटी कम कर सकता है, और ट्रेडर्स पर पोजीशन खत्म करने का दबाव डाल सकता है।
फेड के रेट कट को लेकर क्या अनुमान
रॉयटर्स के मुताबिक, KCM के चीफ ट्रेड एनालिस्ट टिम वाटरर का कहना है, "वॉर्श ऑफिस संभालने के तुरंत बाद रेट कम कर सकते हैं। उनकी पॉलिसी का तरीका आम तौर पर डॉलर के लिए सपोर्टिव रहा है और अंदाजा है कि सोने के लिए नेगेटिव है। उनका फोकस महंगाई पर है और क्वांटिटेटिव ईजिंग और फेड की ज्यादा बैलेंस शीट पर उनके विचार अच्छे नहीं हैं।" इनवेस्टर्स को अभी भी 2026 में फेडर द्वारा कम से कम दो रेट कट का तोहफा मिलने की उम्मीद है।
ग्लोबल मार्केट में चांदी का हाजिर भाव 5% गिरकर 80.28 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। यह 121.64 डॉलर प्रति औंस का पीक देख चुका है। डॉलर की मजबूती, प्रॉफिट बुकिंग के साथ-साथ कई टेक्निकल कारणों ने भी चांदी की कीमतों में गिरावट में योगदान दिया।