अगर GST काउंसिल की बैठक में एक मुद्दे पर फैसला होता है, तो घरों और फ्लैट्स की कीमत कम हो सकती है। जीएटी काउंसिल की बैठक 9 सितंबर को होनी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रियल एस्टेट डेवलपर्स के लिए जीएसटी के मोर्चे पर राहत मिलने के संकेत हैं। जमीन के सौदों में डेवलपमेंट राइट्स पर 18% जीएसटी का विवाद जल्द ही सुलझ सकता है। रियल एस्टेट पर गठित ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (GoM) इस मुद्दे को 22 अगस्त को होने वाली बैठक में सुलझाने के उपायों पर चर्चा करेगा। डेवलपर्स लंबे समय से जमीन की खरीद-बिक्री के दौरान ज्वाइंट डेवलपमेंट राइट्स पर 18% जीएसटी का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि इससे लैंड कॉस्ट में बढ़ोतरी होती है, जिसका सीधा असर फ्लैट और होम बायर्स पर पड़ता है।
