हरियाणा सरकार ने अपने पहले सालगिरह के मौके पर प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि राज्य में बुजुर्गों को अब हर महीने ₹3200 की पेंशन मिलेगी। फिलहाल यह राशि ₹3000 थी, जिसे बढ़ाकर नवंबर 2025 से लागू किया जाएगा। यह फैसला युवाओं, किसानों और वरिष्ठ नागरिकों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है ।
बुजुर्गों को मिलेगा सीधा फायदा
राज्य सरकार के अनुसार इस बढ़ोतरी से लगभग 20 लाख से अधिक पेंशनधारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में 100 वर्ष से अधिक आयु के 3500 से ज्यादा पेंशनधारी हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन जीने और मासिक खर्चो को सहजता से वहन करने में मदद करेगा ।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि नायब सैनी सरकार ने अपने पहले ही वर्ष में विधानसभा चुनाव से पहले किए गए 217 वादों में से 46 पूरे कर लिए हैं। बाकी 158 वादों पर काम प्रगति पर है। सीएम सैनी ने कहा कि यह पेंशन बढ़ोतरी न केवल सामाजिक कल्याण की दिशा में कदम है बल्कि विकास और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है ।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उनकी सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत पंचकूला के पंजौर में 518 नए प्लॉट आवंटित किए हैं। अब तक कुल 15,765 प्लाट दिए जा चुके हैं जबकि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के जरिए 77,000 से अधिक परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री ने यह वादा भी किया कि “हर व्यक्ति के सिर पर उसकी अपनी छत” देने का लक्ष्य सरकार पूरा करेगी ।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ विकास कार्य हो रहे हैं। बुजुर्गों के लिए पेंशन वृद्धि का यह कदम सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने वाला है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिलेगा।