सोना-चांदी एक झटके में 30% तक लुढ़के, बजट के दिन क्या फिसलेंगे Hindustan Zinc, MCX, Muthoot Finance जैसे शेयर?

रविवार, 1 फरवरी को शेयर बाजार सामान्य कारोबारी दिनों की तरह खुल रहा है। ग्लोबल मार्केट में शुक्रवार, 30 जनवरी को स्पॉट सिल्वर की कीमतों में 37% की गिरावट आई। शुक्रवार को MCX पर फरवरी में एक्सपायरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स का वायदा भाव 12 प्रतिशत टूट गया

अपडेटेड Feb 01, 2026 पर 9:47 AM
Story continues below Advertisement
बीते सप्ताह के आखिर में सोने और चांदी की कीमतों में काफी गिरावट देखी गई।

सोने और चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट के बीच 1 फरवरी को गोल्ड फाइनेंस कंपनियों और सिल्वर प्रोड्यूसर हिंदुस्तान जिंक के शेयर फोकस में रहेंगे। इसके अलावा आज रविवार को केंद्रीय बजट 2026 भी पेश होने जा रहा है। ऐसे में निवेशक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि बजट के ऐलानों पर बाजार कैसे प्रतिक्रिया देंगे। उम्मीद की जा रही है कि सोने और चांदी को लेकर भी बजट 2026 में कुछ घोषणाएं हो सकती हैं।

कीमत की बात करें तो बीते सप्ताह के आखिर में सोने और चांदी की कीमतों में काफी गिरावट देखी गई, जबकि ठीक एक दिन पहले दोनों नए लाइफटाइम हाई पर थे। शुक्रवार को MCX पर फरवरी में एक्सपायरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स का वायदा भाव 12 प्रतिशत टूटकर 149075 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इसी तरह मार्च में एक्सपायरी वाले सिल्वर फ्यूचर्स का वायदा भाव 27 प्रतिशत गिरकर 291922 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। उससे पहले चांदी ने पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का आंकड़ा पार किया था।

ग्लोबल मार्केट में कितनी फीकी पड़ी चांदी


ग्लोबल मार्केट में शुक्रवार, 30 जनवरी को स्पॉट सिल्वर की कीमतों में 37% की गिरावट आई। यह किसी एक दिन में चांदी में आई सबसे बड़ी गिरावट है। सिल्वर फ्यूचर्स में 31% की गिरावट आई, जो मार्च 1980 के बाद सबसे बड़ी गिरावट रही। चांदी की कीमत बीते हफ्ते की शुरुआत में 120 डॉलर प्रति औंस से ज्यादा के रिकॉर्ड स्तर को छू गई थी। अमेरिका में सिल्वर से जुड़े ETF की स्थिति और भी खराब रही। ProShares Ultra Silver ETF की कीमतों में एक ही ट्रेडिंग सेशन में 60% की गिरावट आई, जबकि iShares Silver Trust ETF में 29% की गिरावट आई।

Budget 2026 Live

गिरावट के मुख्य कारण

शुक्रवार को कीमती धातुओं की वैश्विक कीमतों में आई भारी गिरावट के कई कारण रहे। इनमें डॉलर की मजबूती, कीमतें रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद प्रॉफिट बुकिंग और केविन वॉर्श को अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व का नया चेयरमैन नॉमिनेट किया जाना मुख्य रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को पूर्व फेड गवर्नर केविन वॉर्श को फेड का नया चेयरमैन नॉमिनेट किया है। वह जेरोम पॉवेल का कार्यकाल खत्म होने के बाद उनकी जगह लेंगे। वॉर्श पॉलिसी तय करते समय सेंट्रल बैंक की स्वतंत्रता की वकालत करने के लिए जाने जाते हैं। उनके नॉमिनेशन ने शॉर्ट टर्म में फेड की स्वतंत्रता के संबंध में कुछ चिंताओं को कम किया, जो अप्रत्यक्ष रूप से सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं के लिए नकारात्मक है।

आज किन शेयरों पर रहेगी नजर

रविवार, 1 फरवरी को शेयर बाजार सामान्य कारोबारी दिनों की तरह खुल रहा है। आज मुथूट फाइनेंस, मणप्पुरम फाइनेंस और IIFL फाइनेंस जैसे गोल्ड फाइनेंसर्स के शेयरों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) और सिल्वर प्रोड्यूसर हिंदुस्तान जिंक के शेयर पर भी फोकस रहेगा। मुथूट फाइनेंस का शेयर शुक्रवार को 7 प्रतिशत, मणप्पुरम फाइनेंस का शेयर 4 प्रतिशत, IIFL फाइनेंस का शेयर 3 प्रतिशत, MCX का शेयर 6 प्रतिशत और हिंदुस्तान जिंक का शेयर 12 प्रतिशत गिरा था। हिंदुस्तान जिंक भारत में चांदी की सबसे बड़ी प्रोड्यूसर है और कम से कम 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली रिफाइंड चांदी का उत्पादन करती है।

Gold-Silver Price Live

सोने और चांदी में आगे क्या

प्लसकैश के फाउंडर और CEO प्रणव कुमार का कहना है कि पिछले हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में आई तेज गिरावट को एक लंबी रिकॉर्ड रैली के बाद प्रॉफिट-बुकिंग के क्लासिक दौर के रूप में समझा जा सकता है। यह फंडामेंटल सेंटिमेंट्स में किसी खराबी के चलते नहीं है। निवेशकों को किसी भी गिरावट को खरीदने के मौके के तौर पर देखना चाहिए, न कि ट्रेंड में किसी बदलाव के संकेत के तौर पर।

आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के AVP- कमोडिटीज एंड करेंसी, मनीष शर्मा ने कहा कि आगे चलकर बाजार अब अगले हफ्ते अमेरिका में लेबर मार्केट रिपोर्ट से और संकेतों का इंतजार कर सकते हैं। देश के बाजार यूनियन बजट की घोषणा पर नजर रखेंगे।

सोसाइटे जेनरल का अनुमान है कि साल के आखिर तक सोना 6000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच जाएगा। इस बीच, मॉर्गन स्टेनली ने कहा है कि रैली जारी रह सकती है और बुल केस में सोना 5700 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।