Kisan Vikas Patra: किसान विकास पत्र में पैसा डबल कितने समय में होगा? जानिए ब्याज, मैच्योरिटी और जरूरी नियम
Kisan Vikas Patra: 2026 में KVP पर पैसा डबल होने में 9 साल 7 महीने लगेंगे। 7.5% ब्याज मिलेगा। 1 लाख कब 2 लाख बनेगा, जानिए। खाता कौन खोल सकता है? बीच में पैसा निकालने के नियम भी समझिए।
KVP का एक बड़ा नुकसान यह है कि इसमें मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्सेबल होता है।
Kisan Vikas Patra: अगर आप ऐसा निवेश चाहते हैं जिसमें पैसा डूबने का डर न हो और पहले दिन से पता हो कि कब रकम दोगुनी होगी, तो किसान विकास पत्र (KVP) आपके काम की स्कीम हो सकती है। यह पोस्ट ऑफिस की सरकार की गारंटी वाली बचत योजना है। इसमें शेयर बाजार जैसा उतार-चढ़ाव नहीं होता और रिटर्न पहले से तय रहता है।
2026 में KVP पर सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर आज निवेश करें, तो पैसा कितने साल में डबल होगा। इसका जवाब मौजूदा ब्याज दर और मैच्योरिटी अवधि से मिलता है।
2026 में कितने साल में डबल होगा पैसा?
वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए KVP पर 7.5% सालाना ब्याज मिल रहा है। इस स्कीम में ब्याज हर साल कंपाउंड होता है।
इस हिसाब से अगर आप अगस्त 2026 में 1 लाख रुपये निवेश करते हैं, तो 115 महीने यानी 9 साल 7 महीने बाद आपकी रकम 2 लाख रुपये हो जाएगी। यानी अगर निवेश अगस्त 2026 में किया गया है, तो मैच्योरिटी मार्च 2036 के आसपास होगी।
एक नजर में KVP
नियम
डिटेल
ब्याज दर
7.5% सालाना
मैच्योरिटी
115 महीने (9 साल 7 महीने)
न्यूनतम निवेश
₹1,000
अधिकतम निवेश
कोई सीमा नहीं
ब्याज
सालाना कंपाउंड
टैक्स छूट
धारा 80C का फायदा नहीं
कौन खोल सकता है खाता?
KVP खाता कोई भी भारतीय निवासी खोल सकता है। इसे अकेले या तीन वयस्कों तक के साथ जॉइंट अकाउंट के रूप में खोला जा सकता है।
अगर बच्चे की उम्र 10 साल या उससे ज्यादा है, तो वह अपने नाम से भी खाता खोल सकता है। वहीं माता-पिता या अभिभावक नाबालिग या मानसिक रूप से अक्षम व्यक्ति की ओर से भी खाता खुलवा सकते हैं।
निवेश की शुरुआत सिर्फ 1,000 रुपये से हो जाती है। इसके बाद 100 रुपये के गुणक में कितनी भी रकम जमा की जा सकती है। इस स्कीम में निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं है।
बीच में पैसा निकाल सकते हैं?
हां, लेकिन इसके नियम हैं। अगर खाताधारक की मृत्यु हो जाए, अदालत आदेश दे या कुछ दूसरी विशेष परिस्थितियां हों, तो मैच्योरिटी से पहले भी खाता बंद किया जा सकता है।
सामान्य स्थिति में 2 साल 6 महीने पूरे होने के बाद समय से पहले निकासी की सुविधा मिल जाती है। हालांकि मिलने वाली रकम उस समय लागू नियमों के हिसाब से तय होती है।
KVP पर लोन मिल सकता है?
हां। किसान विकास पत्र को कई संस्थानों के पास गिरवी रखकर लोन लिया जा सकता है। इसमें RBI, शेड्यूल्ड बैंक, सरकार और नेशनल हाउसिंग बैंक से मंजूर हाउसिंग फाइनेंस कंपनियां शामिल हैं।
जरूरत पड़ने पर खाते को पात्र व्यक्ति के नाम ट्रांसफर भी किया जा सकता है। हालांकि यह सुविधा सिर्फ तय नियमों के तहत ही मिलती है।
टैक्स का नियम क्या है?
KVP का एक बड़ा नुकसान यह है कि इसमें मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्सेबल होता है। यह आपकी इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से 'इनकम फ्रॉम अदर सोर्सेज' में जुड़ता है।
साथ ही इस स्कीम में निवेश करने पर इनकम टैक्स एक्ट की धारा 80C के तहत कोई टैक्स छूट नहीं मिलती।
किसके लिए सही है KVP?
अगर आपका मकसद सुरक्षित निवेश करना है और आपको पहले से तय रिटर्न चाहिए, तो KVP एक अच्छा विकल्प हो सकता है। खासकर उन लोगों के लिए जो लंबी अवधि तक पैसा लॉक करके बिना बाजार के जोखिम के रकम दोगुनी करना चाहते हैं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।