इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने ड्राफ्ट इनकम टैक्स रूल्स, 2026 रिलीज कर दिया है। इसमें नए इनकम टैक्स एक्ट, 2025 की डिटेल दी गई है। नया इनकम टैक्स एक्ट इस साल 1 अप्रैल से लागू होने वाला है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को यूनियन बजट 2026 में इसका ऐलान किया था। यह एक्ट इनकम टैक्स एक्ट, 1961 की जगह लेगा।
22 फरवरी तक रूल्स पर राय दी जा सकती है
नए इनकम टैक्स एक्ट में टैक्स से जुड़े कानूनों के बारे में बताया गया है, जबकि रूल्स में यह बताया गया है कि कैसे टैक्सपेयर्स, प्रोफेशनल्स और अथॉरिटीज इसे लागू करेंगे। इस ड्राफ्ट पर 22 फरवरी, 2026 तक अपनी राय दी जा सकती है। सरकार पहले यह स्पष्ट कर चुकी है कि नए इनकम टैक्स एक्ट का फोकस टैक्स से जुड़े नियम और कानूनों की भाषा आसान करने पर है। इसमें टैक्स के नियमों में बुनियादी बदलाव नहीं किया गया है।
नए इनकम टैक्स एक्ट में घटाई गई है रूल्स की संख्या
दिल्ली की चार्टर्ड अकाउंटेंट प्रतिभा गोयल ने कहा, "इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने नए इनकम टैक्स एक्ट के ड्राफ्ट रूल्स रिलीज कर दिए हैं। इससे प्रोफेशनल्स को इस एक्ट के अलग-अलग पहलुओं को समझने में मदद मिलेगी। इनकम टैक्स एक्ट, 1961 में 511 रूल्स थे, जिन्हें घटाकर नए एक्ट में 323 कर दिया गया है। इससे नया एक्ट पहले के एक्ट के मुकाबले आसान हो गया है।" इनकम टैक्स एक्ट, 1961 करीब छह दशक से ज्यादा समय तक लागू था।
इस साल टैक्सपेयर्स को रिटर्न फाइल करने में होगी आसानी
एक्सपर्ट्स का कहना है कि नया इनकम टैक्स एक्ट लागू होने के बाद टैक्सपेयर्स को इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने में भी आसानी होगी। नए एक्ट में मुश्किल रूल्स को आसान भाषा में पेश किया गया है। पुराने एक्ट की यह एक बड़ी दिक्कत थी। उसमें शामिल रूल्स को समझने में काफी दिक्कत आती थी। टैक्सपेयर्स को कई बार प्रोफेशनल्स की मदद लेनी पड़ती थी।
अभी ड्राफ्ट रूल्स को अंतिम रूप नहीं दिया गया है
एक्सपर्ट्स का कहना है कि ड्राफ्ट रूल्स को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। सरकार टैक्स प्रोफेशनल्स, इंडस्ट्री बॉडीज और कंपनियों के फीडबैक मिलने के बाद नोटिफिकेशन जारी करेगी। रिवीजन और एप्रूवल के बाद नए रूल्स नए इनकम टैक्स एक्ट के साथ 1 अप्रैल, 2026 से लागू हो जाएंगे। गोयल ने कहा कि ड्राफ्ट रूल्स के आने के बाद नए आईटीआर फॉर्म्स जल्द जारी होने की उम्मीद है।