अब श्रीलंका घूमने जाने वाले भारतीय टूरिस्टों के लिए खर्च करना पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है। वहां अब ज्यादा होटल, दुकानें और रेस्टोरेंट UPI पेमेंट स्वीकार करने लगे हैं, जिससे यात्रियों को कैश या विदेशी करेंसी पर कम निर्भर रहना पड़ेगा। यही वजह है कि श्रीलंका में UPI का दायरा तेजी से बढ़ाया जा रहा है, ताकि भारतीय टूरिस्टों को अपने देश जैसा ही पेमेंट अनुभव मिल सके।
श्रीलंका घूमने जाने वाले भारतीय टूरिस्टों के लिए अब पेमेंट करना और आसान होने वाला है। UPI यानी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेसॉ का इस्तेमाल वहां और ज्यादा दुकानों और होटलों में बढ़ाया जा रहा है।
दरअसल, NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड श्रीलंका में UPI की पहुंच बढ़ाने पर काम कर रही है। वहां पहले से ही LankaQR के जरिए UPI पेमेंट की सुविधा मौजूद है, लेकिन अब इसे और ज्यादा जगहों तक पहुंचाया जा रहा है।
कहां-कहां कर सकेंगे UPI पेमेंट
अब श्रीलंका में होटल, रेस्टोरेंट, सुपरमार्केट और रिटेल दुकानों में भी UPI से पेमेंट करना आसान होगा। भारतीय यात्री अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन करके सीधे पेमेंट कर सकेंगे। इससे कैश रखने या विदेशी करेंसी बदलवाने की जरूरत कम हो जाएगी।
यात्रियों को होगा क्या फायदा
UPI के जरिए पेमेंट करने पर पैसा सीधे आपके भारतीय बैंक खाते से कटेगा। ट्रांजैक्शन तुरंत होगा और आपको एक्सचेंज रेट भी साफ दिखाई देगा। इससे खर्च पर बेहतर कंट्रोल रहेगा और पेमेंट सुरक्षित भी होगा।
बढ़ रहे हैं भारतीय पर्यटक
भारत से श्रीलंका जाने वाले टूरिस्टों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। साल 2025 में 5.31 लाख से ज्यादा भारतीय वहां गए, जो 2024 के मुकाबले ज्यादा है। इसी बढ़ती संख्या को देखते हुए वहां डिजिटल पेमेंट की सुविधा बढ़ाई जा रही है।