Credit Cards

आपकी हेल्थ पॉलिसी का कवर कितना होना चाहिए? यहां जानिए इसका जवाब

हेल्थ पॉलिसी के कवर का सबंध आपकी लाइफ स्टाइल से है। अगर आप हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक्सक्लूसिव रूम या डीलक्स रूम चाहते हैं तो फिर आपका कवर ज्यादा होना चाहिए

अपडेटेड Sep 02, 2022 पर 12:47 PM
Story continues below Advertisement
ज्यादा कवर वाली पॉलिसी आपके लिए हमेशा फायदेमंद होती है। इसमें रूम रेंट की सब-लिमिट और को-पे रेशियो जैसी शर्तें नहीं होती हैं।

कोरोना की महामारी और उसके बाद पैदा हुई आर्थिक मुश्किलों की वजह से हेल्थ इंश्योरेंस (health Insurance) को लेकर लोगों की धारणा बदल गई है। कई लोग कंपनी की तरफ से उपलब्ध हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी पर निर्भरता को रिस्की मानने लगे हैं। उन्हें 5 लाख रुपये का बीमा कवर भी नाकाफी लगता है।

एक्सपर्ट्स हमेशा पर्याप्त कवर वाली हेल्थ पॉलिसी को जरूरी बता रहे हैं। मनीकंट्रोल ने Moneycontrol-SecureNow Health Insurance Ratings पेश की है। इसका मकसद बेस्ट हेल्थ पॉलिसी का चुनाव करने में आपकी मदद करना है। दरअसल, सिर्फ हेल्थ पॉलिसी खरीदना जरूरी नहीं है। आपको कितने बीमा कवर की जरूरत है इसे समझना बहुत अहम है।

यह भी पढ़ें : इनफ्लेशन के दबाव से लॉस में चल रहा गोल्ड, इसे होल्ड करें या बेच दें?


हेल्थ पॉलिसी का कवर कितना होना चाहिए, यह तय करने में इस बात की भी भूमिका है कि आप किस तरह के शहर में रहते हैं। निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के डायरेक्टर (अंडरराइटिंग, प्रोडक्ट्स एंड क्लेम्स) भवतोष मिश्रा ने कहा, "दिल्ली और भुवनेश्वर की हेल्थ केयर कॉस्ट में बहुत फर्क है। बड़ी संख्या में लोग हेल्थकेयर सेवाएं उसी जगह लेते हैं जहां वह रहते हैं। इसलिए आप जिस जगह या राज्य में रहते हैं वहां हेल्थकेयर पर आने वाले खर्च का ध्यान रखना आपके लिए जरूरी है।"

अगर अभी आप किसी मेट्रो शहर में रहते हैं तो आपको उस शहर में हॉस्पिटल में इलाज पर आने वाले खर्च को ध्यान में रखना होगा। अगर आप हॉस्पिटल में खास तरह की सुविधाएं चाहते हैं तो आपको ज्यादा कवर वाली हेल्थ पॉलिसी लेनी चाहिए।

पॉलिसीबाजार डॉट कॉम के हेड (हेल्थ एंड ट्रेवल बिजनेस) अमित छाबड़ा ने कहा, "अगर आप उन लोगों में शामिल हैं, जो हॉस्पिटल में अपने लिए अलग रूम चाहते हैं या कम से कम डिलक्स रूम चाहते हैं तो 5 लाख रुपये का कवर बहुत जल्द खर्च हो जाएगा।"

अगर आप एक्सक्लूसिव रूम चाहते हैं तो आपको ऐसी हेल्थ पॉलिसी का चुनाव करना होगा जिसमें रूम रेंट की सब-लिमिट न हो। हां, यह जान लें कि आपकी हेल्थ पॉलिसी का कवर जितना ज्यादा होगा, प्रीमियम भी उतना ही अधिक होगा।

जिन लोगों की उम्र ज्यादा है, उन्हें ज्यादा कवर वाली हेल्थ पॉलिसी खरीदनी चाहिए। इसकी वजह यह है कि उम्र बढ़ने पर व्यक्ति के ज्यादा बीमार पड़ने या गंभीर बीमारियों के चपेट में आने की आशंका बढ़ जाती है। मिश्रा ने कहा, "उम्र का बहुत महत्व है। 35 साल और 55 साल की उम्र वाले व्यक्तियों की जरूरतें अलग-अलग होंगी। उम्र बढ़ने के साथ व्यक्ति के लिए ज्यादा कवर जरूरी हो जाता है।"

यही वजह है कि सीनियर सिटीजन को जितना हो सके उतना ज्यादा कवर वाली हेल्थ पॉलिसी लेनी चाहिए। अगर आप अपने माता-पिता को अपने परिवार की फ्लोटर पॉलिसी में शामिल करना चाहते हैं तो ऐसा न करें। इसकी वजह यह है कि कई बार क्लेम लेने की वजह से आपका कवर जल्द खत्म हो सकता है। इससे परिवार के दूसरे सदस्यों के लिए पर्याप्त कवर नहीं बचेगा। माता-पिता के लिए अलग हेल्थ पॉलिसी खरीदना अच्छा रहेगा। अगर पहले से कुछ बीमारी की वजह से आपके माता-पिता को रेगुलर कवर नहीं मिल पा रहा है तो उनके लिए आप सीनियर सिटीजन पॉलिसी ले सकते हैं।

ज्यादा कवर वाली पॉलिसी आपके लिए हमेशा फायदेमंद होती है। इसमें रूम रेंट की सब-लिमिट और को-पे रेशियो जैसी शर्तें नहीं होती हैं। लेकिन, आपको यह भी देखना होगा कि कितना प्रीमियम आप चुका सकते हैं। सेक्योरनाउ इंश्योरेंस ब्रोकर्स के एमडी और प्रिंसिपल ऑफिसर अभिषेक बोंदिया ने कहा, "हर व्यक्ति के लिए कम से कम 10 लाख रुपये का कवर जरूरी है।" उन्होंने कहा कि आपका पॉलिसी कवर आपकी एनुअल इनकम के बराबर होना चाहिए। इसकी वजह यह है कि कई तरह की बीमारियों का संबंध व्यक्ति के लाइफस्टाइल से होता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।