MSSC scheme: महिलाओं और लड़कियों को आर्थिक तौर पर मजबूत बनाने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने फरवरी में पेश किए गए यूनियन बजट 2023-24 में महिला सम्मान बचत प्रमाण पत्र योजना (MSSC) को शुरू किया था। इस योजना का संचालन पोस्ट ऑफिस की तरफ से किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य हर एक उम्र की महिलाओं और लड़कियों के लिए सुरक्षित और अच्छा इनवेस्टमेंट ऑप्शन देना है। यह स्कीम केवल दो साल के लिए वैलिड है। साल 2025 तक महिलाएं इस योजना में निवेश कर सकती हैं।
क्या है MSSC में इनवेस्टमेंट की मिनिमम रकम
पोस्ट ऑफिस की इस योजना में महिलाएं कम से कम 1000 रुपये तक का इनवेस्टमेंट कर सकती हैं। वहीं दो साल की समय सीमा के लिए मैक्सिमम इनवेस्टमेंट लिमिट 2 लाख रुपये तक है। वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग ने 27 जून, 2023 को एक ई-गजट संदेश के जरिए से सभी सरकारी बैंकों और चार प्राइवेट बैंकों को योजना को लागू करने और संचालित करने का अधिकार दिया था। इसके अलावा यह योजना योजना सभी 1.59 लाख पोस्ट ऑफिस में भी उपलब्ध है।
ऐसे खोल सकते हैं MSSC में अकाउंट
महिला सम्मान बचत प्रमाण पत्र योजना (MSSC) में महिलाएं अपने आधार कार्ड, पैन कार्ड, केवाईसी डॉक्युमेंट्स और एक फोटो के साथ अपना अकाउंट खुलवा सकती हैं। वहीं इस स्कीम में अपना खाता खुलवाने पर महिलाओं को सालाना 7.5 फीसदी के हिसाब से ब्याज का फायदा दिया जाता है। साथ ही किसी इमरजेंसी कंडीशन में आप इस खाते से आंशिक निकासी भी कर सकती हैं और इसे समय से पहले बंद भी करा सकती हैं। खाता खोलने के छह महीने बाद 2 फीसदी जुर्माने के साथ इस खाते को बंद कराया जाता है। साथ ही एक साल के बाद शेष रकम का 40 फीसदी तक पैसा निकाला जाता है। दो साल में इस योजना के तहत अधिकतम 32,000 रुपये का ब्याज कमाया जा सकता है।
MSSC में अब तक खोले जा चुके हैं इतने खाते
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में बताया कि महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र योजना के तहत लगभग 14.8 लाख खाते पहले ही खोले जा चुके हैं, जिनमें अब तक कुल 8,630 करोड़ रुपये जमा हैं।