म्यूचुअल फंड के निवेशक के सामने हमेशा यह सवाल होता है कि किस स्कीम में निवेश करने पर ज्यादा रिटर्न मिलेगा। पिछले कुछ समय से मिडकैप और फ्लेक्सीकैप स्कीमों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है। दोनों की अपनी विशेषताएं, रिस्क और फायदे हैं। ऐसे में किसमें निवेश करना सही रहेगा? इस सवाल का जवाब निवेशक के इनवेस्टमेंट गोल, रिस्क लेने की क्षमता और बाजार की स्थितियों पर निर्भर करेगा।
मिडकैप फंड का क्या मतलब है?
मिडकैप फंड (Midcap Fund) मुख्य रूप से मिड-साइज कंपनियों के स्टॉक्स में इनवेस्ट करते हैं। मार्केट कैपिटलाइजेशन के आधार पर 100 से 250 रैंक वाली कंपनियों को मिडकैप कैटेगरी में माना जाता है। इन कंपनियों की ग्रोथ की संभावना ज्यादा होती है, क्योंकि इनके लिए बड़ी कंपनियों के मुकाबले स्थिति के मुताबिक फैसले लेना आसान होता है। ज्यादा ग्रोथ की संभावना से इन कंपियों के स्टॉक्स के चढ़ने की गुंजाइश ज्यादा होती है। मिडकैप स्टॉक्स में उतारचढ़ाव ज्यादा होता है। दूसरा, इनमें लार्जकैप स्टॉक्स जितनी लिक्विडिटी नहीं होती है। ऐसे में शेयरों की कीमतों पर असर डाले बगैर इन्हें बेचना मुश्किल होता है।
फ्लेक्सी कैप फंड के लिए निवेश के ज्यादा विकल्प
फ्लेक्सीकैप फंड (Flexicap Fund) की सबसे बड़ी खासियत यह है कि निवेश के मा्मले में उसके पास काफी विकल्प होता है। यह फंड किसी आकार यानी लार्ज, मिड और स्मॉलकैप कंपनियों में निवेश करता है। फंड मैनेजर रिटर्न की संभावना को देखते हुए इनमें निवेश का फैसला लेता है। मधुबन फिनवेस्ट के फाउंडर दीपक गजरानी ने कहा कि फ्लेक्सीकैप फंड ज्यादा लचीले होते हैं।
रिटर्न में फंड मैनेजर की योग्यता का रोल
मल्टीकैप फंड के पास चूंकि अलग-अलग मार्केट कैप वाली कंपनियों में निवेश का विकल्प होता है, जिससे ये रिस्क और लॉस को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं। प्राइम वैल्थ फिनसर्व के डायरेक्टर और को-फाउंडर चक्रवर्ती वी ने कहा कि फ्लेक्सीकैप फंड का एक्टिव मैनेजमेंट स्टाइल मार्केट ट्रेंड की लगातार मॉनिटरिंग की सुविधा देता है। ऐसे में फ्लेक्सी-कैप फंड का प्रदर्शन फंड मैनेजर की योग्यता पर निर्भर करता है।
यह भी पढ़ें: ITR Filing: क्या बगैर फॉर्म 16 इनकम टैक्स रिटर्न फाइल किया जा सकता है?
आपको किसमें निवेश करना चाहिए?
निवेशक दोनों ही तरह के फंडों में निवेश कर सकते हैं। पिछले एक साल में मिडकैप फंडों ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है। इसकी वजह यह है कि इस कैटेगरी के स्टॉक में जबर्दस्त तेजी आई है।