New India Cooperative Bank Update: न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक के जमाकर्ताओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक से पैसे निकालने की अनुमति दे दी है। भारतीय रिजर्व बैंक ने मुंबई के ग्राहकों को 25,000 रुपये तक निकालने की अनुमति दी है। अब मुंबई के जमकर्ता 27 फरवरी से 25,000 रुपये तक निकाल सकेंगे। बता दें कि RBI ने हर जमाकर्ता पर 25 हजार की लिमिट लगाई है।
आपको बता दें कि हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने लगातार घाटे में चल रहे न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी हैं। इसमें जमाकर्ताओं द्वारा पैसा निकालना भी शामिल है। रिजर्व बैंक के निर्देश के बाद न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक पर 13 फरवरी से कारोबार बंद करने पर लगी रोक प्रभावी हो गई और अगले छह महीने तक लागू रहेगी। हांलाकि RBI के नए आदेश के मुताबिक, न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक, मुंबई के ग्राहकों को 27 फरवरी, 2025 से प्रति जमाकर्ता 25,000 रुपये तक निकालने की अनुमति दे दी है। RBI ने कहा कि जमाकर्ता इस विड्रा के लिए बैंक की शाखा के साथ-साथ एटीएम चैनल का भी उपयोग कर सकते हैं।
RBI ने कहा कि इस छूट के साथ कुल जमाकर्ताओं में से 50 फीसदी से अधिक अपना पूरा बैलेंस निकाल सकेंगे और बाकी जमाकर्ता अपने डिपॉजिट अकाउंट से 25,000 रुपये तक निकाल सकेंगे। इससे पहले RBI ने बैंक को निर्देश दिया था कि वह जमाकर्ता के सेविंग बैंक या करंट अकाउंट या किसी अन्य खाते से किसी भी अमाउंट को विड्रॉ की अनुमति न दे।
बता दें कि आरबीआई ने न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक पर कई प्रतिबंध लगाए। इनमें बैंक से पैसे उधार देने, नई जमा राशि स्वीकार करने और भुगतान करने पर रोक लगाई गई थी। फिर शुक्रवार को आरबीआई ने बैंक के बोर्ड को हटा दिया और बैंक का संचालन अपने हाथ में ले लिया। आरबीआई ने भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व अधिकारी श्रीकांत को न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक का प्रशासक नियुक्त किया, जो अगले 12 महीने तक काम करेंगे।