देश में हर महीने की पहली तारीख से कुछ नियम या बदलाव लागू होते हैं। मार्च महीना भी इससे अछूता नहीं है। 1 मार्च 2026 से देश में कुछ अहम बदलाव लागू हुए हैं। ये बदलाव हर आम से लेकर खास आदमी तक पर असर डालेंगे। इन बदलावों में LPG सिलेंडर के नए दाम, एविएशन टर्बाइन फ्यूल की नई कीमत, ट्रेन टिकट से जुड़ा नया नियम शामिल हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में...
19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 1 मार्च से 28-31 रुपये बढ़ गए हैं। सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब 19 किलोग्राम के इंडेन LPG सिलेंडर की कीमत 1768.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में इसकी कीमत 1875.50 रुपये, मुंबई में 1720.50 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये हो गई है।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने विमानों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन यानि कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमत में भी बढ़ोतरी की है। दिल्ली में कीमत 5,244.75 रुपये बढ़कर 96,638.14 रुपये प्रति किलोलीटर, कोलकाता में 5,141.52 रुपये बढ़कर 99,587.14 रुपये प्रति किलोलीटर, मुंबई में 4,977.24 रुपये बढ़कर 90,451.87 रुपये प्रति किलोलीटर और चेन्नई में 5,498.50 रुपये बढ़कर 1,00,280.49 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है।
1 मार्च से ‘सिम-बाइंडिंग’ लागू हो रहा है। इसका मतलब है कि Whatsapp, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे ऐप चलाने के लिए आपके मोबाइल में वह सिम कार्ड लगा होना और एक्टिव होना जरूरी है, जिससे इन ऐप्स पर अकाउंट बनाया गया है। अब उस रजिस्टर्ड नंबर वाली सिम आपके फोन में नहीं है तो आप किसी दूसरे नंबर से वॉट्सऐप नहीं चला सकेंगे।
जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और सीजन टिकट बुक करने के लिए अब रेलवे के नए ऐप रेल वन का इस्तेमाल करना होगा। रेलवे ने अपना पुराना Unreserved Ticketing System यानी UTS ऐप आज से बंद कर दिया है। यूजर्स UTS वॉलेट में पड़े पैसों को नए ऐप में ट्रांसफर कर सकते हैं।