वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने यूनियन बजट 2023 (Union Budget 2023) में जिन वर्गों पर ज्यादा मेहरबानी दिखाई है, उनमें महिलाएं और सीनियर सिटीजंस शामिल हैं। महिलाओं के लिए डिपॉजिट की खास स्कीम सरकार शुरू करने जा रही है। सीनियर सिटीजंस के लिए सबसे फायदेमंद माने जाने वाली दो स्कीमों में इनवेस्टमेंट की लिमिट बढ़ा दी गई है। इनमें सीनियर सिटीजंस सेविंग्स स्कीम (SCSS) और पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS) शामिल हैं। कुछ लोगों का कहना है कि वित्तमंत्री ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों को देखते हुए ये ऐलान किए हैं। सरकार का मकसद चाहे जो हो यह तय है कि इनका फायदा देश के आम लोगों को मिलेगा। खासकर SCSS की इनवेस्टमेंट लिमिट बढ़ने से रिटायर्ड व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मिलकर प्रतिमाह 40,000 रुपये का पेंशन पा सकता है। आइए जानते हैं यह कैसे होगा।
सबसे पहले आपके लिए SCSS के बारे में खास बातें जान लेनी जरूरी है। कोई व्यक्ति जिसकी उम्र 60 साल हो गई है, वह पोस्ट ऑफिस में एससीएसएस अकाउंट ओपन कर सकता है। यह अकाउंट आप अकेले खोल सकते हैं या अपनी पत्नी के साथ ज्वाइंट अकाउंट ओपन कर सकते हैं। यह अकाउंट शुरुआत में पांच साल के लिए खोला जा सकता है। पांच साल पूरे हो जाने पर इसका पीरियड तीन साल के लिए बढ़ाया जा सकता है।
अभी एससीएसएस में एक व्यक्ति को 15 लाख रुपये निवेश करने की इजाजत है। पति के अकाउंट ओपन करने के बाद पत्नी भी अलग अकाउंट ओपन कर सकती है। इस तरह दोनों को मिलाकर SCSS में अभी 30 लाख रुपये करने की इजाजत है। कई सीनियर सिटीजंस इस स्कीम का फायदा उठा रहे हैं। यह स्कीम रिटायर्ड लोगों में काफी लोकप्रिय है। इसकी वजह यह है कि यह पैसे की सुरक्षा के लिहाज से बहुत अच्छी है। इसे केंद्र सरकार की एक तरह की गारंटी मिलती है। बुजुर्ग लोग रिटर्न से ज्यादा अपने पैसे की सुरक्षा पर ध्यान देते हैं।
बजट में क्या ऐलान किया गया है?
निर्मला सीतामरण ने यूनियन बजट 2023 में SCSS में बड़े बदलाव का ऐलान किया है। 1 फरवरी, 2023 को उन्होंने बजट भाषण में कहा कि सीनियर सिटीजंस सेविंग्स स्कीम (SCSS) की लिमिट बढ़ाई जा रही है। इसे 15 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये की जा रही है। यह बदलाव 1 अप्रैल, 2023 से लागू हो जाएगा। सरकार ने अभी इसकी अधिसूचना जारी नहीं की है। लेकिन, उम्मीद है कि वह जल्द जारी कर देगी। इस बदलाव के बाद SCSS में एक बुजुर्ग व्यक्ति 30 लाख रुपये निवेश कर सकेगा। वह अपनी पत्नी ने नाम से अलग अकाउंट ओपन कर अतिरिक्त 30 लाख रुपये का निवेश कर सकेगा। इस तरह पति और पत्नी दोनों मिलकर इस स्कीम में 60 लाख रुपये का निवेश कर सकेंगे।
ऐसे मिल सकती है प्रति माह 40000 रुपये की पेंशन
अभी SCSS का इंटरेस्ट रेट 8 फीसदी है। इस तरह एक अकाउंट का तिमाही इंटरेस्ट 60,000 रुपये बनता है। हर माह यह 20,000 रुपये आता है। अगर पति अपनी पत्नी के नाम से अलग अकाउंट ओपन करता है तो हर तिमाही इंटरेस्ट बढ़कर 1.20 लाख रुपये हो जाता है। इस तरह हर महीने यह 40,000 रुपये आता है। आपको यह ध्यान रखना होगा कि इंटरेस्ट अमाउंट को आप तिमाही निकाल सकते हैं। दूसरी बात यह कि एससीएसएस सरकार की स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स में शामिल हैं। इन स्कीमों के इंटरेस्ट रेट के बारे में सरकार हर तिमाही फैसला लेती है। इसलिए फाइनेंशियल मार्केट की स्थितियों के मुताबिक इंटरेस्ट रेट थोड़ा बढ़ सकता है या घट सकता है।