आपको मोबाइल फोन पर आए दिन कॉल या मैसेज आते होंगे। उनमें स्पेशल पर्सनल लोन ऑफर, प्री-एप्रूव्ड लोन ऑफर, एक्सक्लूसिव कार लोन जैसे ऑफर के बारे में बताया जाता है। कम इंटरेस्ट रेट, तुरंत डिस्बर्सल और कम से कम पेपरवर्क जैसे फायदे गिनाए जाते हैं। कई बार पैसे की सख्त जरूरत होने पर ऐसे ऑफर अच्छे लगते हैं। सवाल है कि क्या आपको ऐसे ऑफर को हां करना चाहिए?
बैंक और एनबीएफसी को पर्सनल लोन में ज्यादा फायदा
बैंक, एनबीएफसी और लोन एग्रीगेटर्स पर अपना बिजनेस बढ़ाने का दबाव होता है। उन्हें सबसे ज्यादा कमाई पर्सनल लोन में होती है, क्योंकि दूसरे लोन के मुकाबले इसका इंटरेस्ट रेट ज्यादा होता है। इसलिए उनका फोकस फोन कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों तक पहुंच बनाने पर होता है। इन तीनों के जरिए ग्राहकों तक पहुंचने पर सबसे कम खर्च आता है।
प्री-एप्रूव्ड लोन के ऑफर पर आंख बंद कर नहीं करें भरोसा
ऐसे सभी कॉल का मकसद फ्रॉड नहीं होता है। फिर भी कॉल का जवाब देने में सावधानी जरूरी है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सबसे ज्यादा मैसेज प्री-एप्रूव्ड लोन के होते हैं। ग्राहक को प्री-एप्रूव्ड लोन ऑफर देखकर लगता है कि बैंक या एनबीएफसी ने उसकी प्रोफाइल की जांच कर ली है और प्रोफाइल अट्रैक्टिव होने पर उसने लोन का ऑफर एप्रूव किया है।
इंटरेस्ट रेट और प्रोसेसिंग फीस के बारे में जरूर जान लें
सच्चाई यह है कि प्री-एप्रूवल का मतलब सिर्फ यह होता है कि आपकी क्रेडिट प्रोफाइल सिर्फ बेसिक एलिजिबिलिटी को पूरा करती है। इंटरेस्ट रेट, फीस और लोन के नियम और शर्तें आपके लोन पर भी लागू होंगी। इनके बारे में तभी बताया जाता है जब ग्राहक लोन के ऑफर में दिलचस्पी दिखा देता है।
दूसरे लोन के मुकाबले काफी महंगे होते हैं पर्सनल लोन
आपको यह समझने की जरूरत है कि पर्सनल लोन अनसेक्योर्ड कैटेगरी के लोन हैं। इसलिए ये महंगे होते हैं। बैंक या एनबीएफसी को इनमें ज्यादा फायदा दिखता है, जिससे इन पर उनका फोकस भी ज्यादा होता है। इंटरेस्ट रेट ग्राहक के क्रेडिट स्कोर, एंप्लॉयर प्रोफाइल और बैंक/एनबीएफसी पर निर्भर करता है। आपको पहली नजर में प्री-एप्रूव्ड लोन का ऑफर अच्छा लगता है। लेकिन, मौजूदा लोन पर टॉप-अप लोन या क्रेडिट कार्ड बैलेंस ट्रांसफर ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।
पर्सनल लोन का इंटरेस्ट रेट 11-18 फीसदी के बीच हो सकता है
अगर आपको पैसे की जरूरत है तो आप ऑफर को हां कर सकते हैं। लेकिन, कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। पहला कि यह ऑफर किस बैंक या एनबीएफसी का है। दूसरा लोन का इंटरेस्ट रेट क्या है। पर्सनल लोन का इंटरेस्ट रेट 11 से 18 फीसदी के बीच हो सकता है। अगर आपको पैसे की ज्यादा जरूरत है तभी आपको ज्यादा इंटरेस्ट रेट वाले ऑफर को हां करना चाहिए। अगर आपके पास समय है तो आप दूसरे बैंक या एनबीएफसी के पर्सनल लोन के इंटरेस्ट को चेक कर सकते हैं।
इन सवालों का जवाब मिलने के बाद ही ऑफर को हां करें
एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसे ऑफर को हां करने में जल्दबाजी करने से बचना चाहिए। लोन के नियम और शर्तों को समझने के बाद ही हां करना समझदारी होगी। आपको पूछ लेना चाहिए कि क्या आप प्री-पेमेंट पर किसी तरह की पेनाल्ट है या नहीं। आपको प्रोसेसिंग फीस के बारे में भी पूछ लेना चाहिए। आम तौर पर शुरुआत में बैंक या एनबीएफसी के रिप्रजेंटेटिव इन चीजों के बारे में नहीं बताते हैं। आपके हां करने के बाद नियम और शर्तों को मानना आपकी मजबूरी हो जाती है।