शेयर बाजार (Share Markets) में उतार-चढ़ाव को देखते हुए अच्छा रिटर्न देने वाले शेयरों की पहचान करना थोड़ा मुश्किल हो गया है। बाजार आने वाले महीनों में किस दिशा में जाएगा यह पता नहीं। ऐसे में सवाल है कि आखिर किन शेयरों या सेक्टर पर अभी दांव लगाने में समझदारी है? रिटेल इनवेस्टर्स के लिए म्यूचुअल फंड की इक्विटी स्कीम (Equity schemes of Mutual Fund) में निवेश करना सबसे अच्छा रहता है। इसमें निवेश के लिए शेयरों का चुनाव फंड मैनेजर करते हैं, जिनके पास शेयर मार्केट का व्यापक अनुभव होता है। इसके अलावा आप अपनी पसंद के हिसाब से स्कीम का चुनाव कर सकते हैं। जैसे अगर आप छोटी-बड़ी हर कंपनी के शेयरों में पैसा लगाना चाहते हैं तो आप मल्टीकैप स्कीम का चुनाव कर सकते हैं। आप सिर्फ दिग्गज शेयरों में पैसे लगाना चाहते हैं तो आप लार्जकैप स्कीम में निवेश कर सकते हैं। फिर भी अगर आप सीधे शेयरों में पैसा लगाना चाहते हैं तो हम आपको 5 शानदार स्टॉक के बारे में बता रहे हैं।
