क्या है सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान, जो बुढ़ापे में बन सकता है पेंशन जैसी नियमित कमाई का जरिया?
SWP यानी सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान रिटायरमेंट के बाद नियमित इनकम का जरिया बन सकता है। SIP से बड़ा फंड बनाकर उससे हर महीने पैसा निकाला जा सकता है। जानिए कितना फंड चाहिए और पैसा कितने साल चलेगा।
अगर आप रिटायरमेंट तक बड़ा फंड चाहते हैं, तो जितना जल्दी हो सके, निवेश शुरू करना होगा।
रिटायरमेंट की प्लानिंग के वक्त सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि आज जो पैसा जोड़ रहे हैं, वो आगे चलकर कितना काम आएगा। बुढ़ापे में हर महीने खर्च कैसे निकलेगा। सिर्फ पैसा जमा कर लेना काफी नहीं होता, उसे ऐसे इस्तेमाल करना भी आना चाहिए कि वह लंबे समय तक नियमित आमदनी देता रहे।
यही काम SIP (सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान) और SWP (सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान) मिलकर करते हैं। SIP खेत में बीज बोने जैसा है, जिससे धीरे-धीरे फसल तैयार होती है। SWP उस फसल को हर महीने काटकर घर चलाने जैसा है।
SIP से कैसे बनता है बड़ा फंड
अगर आप रिटायरमेंट तक बड़ा फंड चाहते हैं, तो जितना जल्दी हो सके, निवेश शुरू करना होगा। मान लीजिए आप 25 साल तक लगातार निवेश करते हैं। इस पर औसतन 12% सालाना रिटर्न मिलता है, जो लंबी अवधि में इक्विटी म्यूचुअल फंड का सामान्य हिसाब माना जाता है।
अगर आप हर महीने ₹5,000 की SIP करते हैं, तो 25 साल बाद करीब ₹94 लाख का फंड बन सकता है। और अगर यही रकम ₹10,000 महीने कर दी, तो वही पैसा करीब ₹1.88 करोड़ तक पहुंच जाता है। हिसाब सीधा है... थोड़ा-थोड़ा जोड़ते रहिए, समय के साथ पैसा खुद ही बड़ा होता जाता है।
SWP से कैसे बनेगी महीने की कमाई
अब मान लीजिए आपने रिटायरमेंट तक ₹1 करोड़ जोड़ लिया। अगर आप इस रकम से सालाना 6% के हिसाब से पैसा निकालते हैं, तो हर महीने करीब ₹50,000 हाथ में आ सकते हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा ये है कि आपका बाकी पैसा निवेश में लगा रहेगा और बढ़ता रहेगा।
अगर आपके पास ₹2 करोड़ का फंड है, तो यही कमाई करीब ₹1 लाख महीने की हो सकती है। यानी आपने जो पैसा सालों में जोड़ा, वही अब आपको हर महीने 'पेंशन' की तरह नियमित कमाई का जरिया हो जाएगा।
पैसा कितने साल तक चलेगा
अब असली खेल यहीं है। अगर ₹1 करोड़ के फंड से आप सालाना 6% निकालते हैं और बाकी पैसा 8-10% की रफ्तार से बढ़ता रहता है, तो यह रकम 20-25 साल या उससे भी ज्यादा चल सकती है।
लेकिन अगर आपकी जरूरतें ज्यादा हो गई हैं और आपको अधिक पैसा निकालना पड़ रहा, तो हिसाब बदल जाएगा। अगर आप 8-10% सालाना पैसा निकालते हैं, तो रकम जल्दी खत्म हो सकती है। ऐसे में 12-15 साल में ही हाथ खाली होने का डर रहता है।
महंगाई का हिसाब समझना जरूरी
महंगाई धीरे-धीरे जेब काटती है। अगर महंगाई 6% भी रही है, तो जो काम आज ₹50,000 में हो जा रहा, तो 10 साल बाद करीब ₹90,000 लगेगा। 20 साल बाद करीब ₹1.6 लाख तक पहुंच जाएगा। यानी अगर आपकी इनकम वहीं की वहीं रही, तो खर्च संभालना मुश्किल हो जाएगा।
इसकी काट के लिए स्टेपअप SIP एक अच्छा उपाय है। जैसे कि अगर आपने ₹5000 की SIP शुरू की है, तो उसे हर थोड़ा-थोड़ा करके बढ़ाते हैं। यह महंगाई के झटके को कम करने में मदद करेगा।
SWP के लिए कितना फंड होना चाहिए
यह पूरी तरह से आपकी जरूरतों पर निर्भर करता है कि आपको रिटायरमेंट के बाद हर महीने कितना पैसा चाहिए। एक बड़ा आसान नियम है- सालाना 4% से 6% तक पैसा निकालना चाहिए, तभी रकम लंबे समय तक चलेगी।
अगर आपको ₹50,000 महीना चाहिए, तो कम से कम ₹1 से ₹1.25 करोड़ का फंड होना चाहिए। थोड़ा आराम से रहना है, तो ₹1.5 से ₹2 करोड़ बेहतर माना जाता है। अगर जरूरत ₹1 लाख महीने की है, तो ₹2 से ₹2.5 करोड़ या उससे ज्यादा का फंड होना चाहिए।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।