India Test Squad Announcement : टीम इंडिया को नया कप्तान मिल गया है। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी। बता दें कि शनिवार को इंग्लैंड दौरे के लिए बीसीसीआई ने टीम इंडिया के स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गजों के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद यह भारतीय टीम के लिए एक नई शुरुआत है।
इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर, उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसीद कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव
पूरी सीरीज नहीं खेलेंगे बुमराह
गिल को कप्तानी सौंपने पर भारतीय चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा कि, "वह बहुत युवा है, लेकिन हमने उसमें अच्छा सुधार देखा है। यह एक जिम्मेदार भूमिका है, लेकिन हमें उम्मीद है कि वह अच्छा करेगा।" भारतीय चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बताया कि तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज़ में सभी मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। फिजियोथेरेपिस्टों के अनुसार, उनका कार्यभार सीमित रहेगा। अगरकर ने आगे कहा कि सीनियर गेंदबाज़ मोहम्मद शमी को भी इस दौरे के लिए टीम से बाहर रखा गया है क्योंकि वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं। अगरकर ने कहा, "उनकी फिटनेस वैसी नहीं है जैसी इस स्तर के क्रिकेट के लिए होनी चाहिए।"
रोहित-कोहली के बगैर उतरेगी टीम इंडिया
भारतीय टेस्ट टीम के लिए नए खिलाड़ियों के चयन को लेकर आज मुंबई में अहम बैठक हुई। अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति इंग्लैंड दौरे के लिए टीम चुनी गई। रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद यह पहली बड़ी सीरीज़ होगी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की जगह कौन लेगा? वहीं, विराट कोहली के जाने के बाद नंबर 4 पर बैटिंग करने के लिए एक मजबूत खिलाड़ी की जरूरत है। इंग्लैंड का दौरा भारतीय टीम के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। इस बार यह दौरा और भी कठिन होगा, क्योंकि टीम को अपने सबसे अनुभवी खिलाड़ियों के बिना मैदान में उतरना है।