दिल्ली और एनसीआर में गर्मी का एक बार फिर जोरदार आगाज हो गया है। अगले 4-5 दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जिससे लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि रविवार को आसमान साफ रहेगा, लेकिन तेज धूल भरी हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जो गर्मी को और बढ़ा सकती हैं। 9 और 10 जून को भी धूल भरी हवाओं का प्रभाव बना रहेगा, हालांकि 11 से 13 जून के बीच इन हवाओं की गति कुछ कम होने की उम्मीद है। इस दौरान हलके बादल छाए रहेंगे, जो कुछ हद तक गर्मी को कम कर सकते हैं।
तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, लेकिन मानसून की नमी देश के कुछ हिस्सों में हल्की-हल्की सक्रिय होती नजर आ रही है, जिससे इस भीषण गर्मी के बाद राहत मिलने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में लू और गर्मी की मार
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी है। दिन के समय तेज धूप और गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है, वहीं रात में भी तापमान अधिक बना हुआ है। 8 जून को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और पूरे प्रदेश में लू का प्रभाव देखा जाएगा। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक 11 जून के बाद बारिश के आसार बन रहे हैं, जो गर्मी से कुछ राहत दिला सकते हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप के कारण लोगों को सावधानी बरतनी होगी, खासकर उन इलाकों में जहां लू चल रही है। फिलहाल, बारिश के अलर्ट तो नहीं जारी हुए हैं, लेकिन गर्मी का असर बरकरार रहेगा।
मुंबई में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और कई जगह हल्की बारिश भी हुई। भारी बारिश के कारण मौसम विभाग ने दोपहर में रेड अलर्ट जारी किया था, लेकिन बारिश ज्यादा नहीं हुई, इसलिए इसे बाद में येलो अलर्ट में बदल दिया गया। ये येलो अलर्ट रविवार सुबह 8:30 बजे तक लागू रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि कर्नाटक से विदर्भ तक फैले दबाव की रेखा (ट्रफ) और नमी वाली हवाओं के टकराव के कारण बारिश हुई। फिलहाल मुंबई और आसपास के इलाकों में 11 जून तक मौसम साफ रहने की संभावना है और कोई नया अलर्ट जारी नहीं हुआ है।
झारखंड में कुछ राहत, पर गर्मी बरकरार
झारखंड के गुमला, सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में हल्की बारिश हुई जिससे कुछ हद तक राहत मिली है। वहीं, अन्य जिलों में धूप तेज बनी रही और तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया। आज भी अधिकांश क्षेत्रों में धूप का प्रकोप रहेगा, लेकिन रांची, खूंटी, लोहरदगा और धनबाद जैसे जिलों में शाम को हल्की बारिश और गरज चमक के आसार हैं।
उत्तराखंड का मौसम धूप और हल्के बादल
उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम में धूप का असर अधिक देखने को मिल रहा है। देहरादून जैसे मैदानी क्षेत्र में सुबह-शाम कुछ राहत मिलती है, लेकिन दोपहर में गर्मी कष्टदायक हो जाती है। मौसम विभाग ने बताया है कि 10 जून तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन 11 जून के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश शुरू होने की संभावना है। पर्वतीय इलाकों में चारधाम यात्रा के लिए ये मौसम सुखद रहेगा, जिसमें तीर्थयात्रियों को धूप और बादलों के बीच आरामदायक सफर मिलेगा।
राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर
राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी का प्रभाव बढ़ रहा है। जैसलमेर में शनिवार को अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। विशेष रूप से बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में 8 से 10 जून के बीच अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री तक पहुंच सकता है। साथ ही 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज धूल भरी हवाएं भी चलेंगी।
उत्तर-पूर्वी राज्यों में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भूस्खलन और बाढ़ की वजह से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। इस क्षेत्र में आपदा का स्तर बढ़ा हुआ है, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोग कड़ी मेहनत कर राहत कार्यों में लगे हैं।