Get App

Air India Crash: 'कोई बड़ी सुरक्षा चिंता नहीं...'; एयर इंडिया बोइंग 787 को DGCA से मिली क्लीन चिट

Ahmedabad Plane Crash: समीक्षा बैठक में डीजीसीए ने एयर इंडिया में हाल में सामने आए रखरखाव संबंधी मुद्दों के बारे में चिंता जताई। अहमदाबाद में बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के दुर्घटनाग्रस्त होने के एक दिन बाद 13 जून को डीजीसीए ने एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया। इसमें 787-8 के 26 और 787-9 के सात विमान शामिल हैं

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Jun 18, 2025 पर 1:54 PM
Air India Crash: 'कोई बड़ी सुरक्षा चिंता नहीं...'; एयर इंडिया बोइंग 787 को DGCA से मिली क्लीन चिट
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद प्लेन हादसे में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई थी

Ahmedabad Plane Crash: डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने कहा है कि एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की निगरानी में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई है। 12 जून को अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद लंदन जाने वाली फ्लाइट AI 171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद एयर इंडिया के ड्रीमलाइनर गहन जांच के दायरे में आ गए है। बढ़ती सुरक्षा चिंताओं और बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों से संचालित होने वाली कम से कम 66 उड़ानों को रद्द किए जाने के बीच डीजीसीए अधिकारियों ने एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की।

समीक्षा बैठक में डीजीसीए ने एयर इंडिया में हाल में सामने आए रखरखाव संबंधी मुद्दों के बारे में चिंता जताई। अहमदाबाद में बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के दुर्घटनाग्रस्त होने के एक दिन बाद 13 जून को डीजीसीए ने एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया। इसमें 787-8 के 26 और 787-9 के सात विमान शामिल हैं। अहमदाबाद में 12 जून को हुई विमान दुर्घटना में 241 यात्रियों की मौत हो गई थी।

पीटीआई के मुताबिक डीजीसीए ने एक बयान में कहा, "एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की हाल में की गई निगरानी में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई। विमान और उससे संबंधित रखरखाव सिस्टम मौजूदा सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाई गई।" इसने कहा कि एयर इंडिया ने 12 जून से 17 जून के बीच बोइंग 787 से संचालित होने वाली 66 उड़ानें रद्द की हैं। इस अवधि के दौरान, एयरलाइन ने B787 के साथ 248 उड़ानें संचालित कीं।

रखरखाव से संबंधित मुद्दों को दूर करने के लिए डीजीसीए ने टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली विमानन कंपनियों को कुछ निर्देश जारी किए हैं। बयान में कहा गया, "विमानन कंपनी को इंजीनियरिंग, परिचालन, रखरखाव इकाइयों में आंतरिक समन्वय को मजबूत करने और इस तरह की खामियों के कारण विमान संचालन में होने वाली देरी को कम करने के लिए अतिरिक्त विमान उपलब्धता सुनिश्चित करें और नियमों का सख्ती से पालन करें।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें