गुजरात में एक मां ने अपने ही बच्चे को छत से उल्टा लटकाया, खौफनाक मंजर देख दहल उठे लोग!

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला का अपने बच्चे को लेकर पड़ोसी से झगड़ा हुआ था। झगड़े की वजह से महिला गुस्से में थी। गुस्साई महिला ने अपने ही बच्चे को छत से फेंकने की कोशिश की

अपडेटेड May 27, 2025 पर 11:02 PM
Story continues below Advertisement
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उस मां की खूब आलोचना कर रहे हैं

Gokuldham Society Rajkot: गुजरात के राजकोट जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने ही बच्चे को बिल्डिंग की छत से उल्टा लटका दिया। हालांकि बच्चे के पिता ने बहादुरी दिखाते हुए अपने बच्चे की जान बचाई। बता दें कि यह घटना गोकुलधाम सोसाइटी में बीते सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। इस घटना का एक खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उस मां की खूब आलोचना कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर महिला के परिवार ने इस मामले पर कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इनकार किया।

क्या हुआ था?


सोसाइटी के एक निवासी ने बताया कि गुस्साई महिला ने अपने बच्चे को बिल्डिंग की छत से उल्टा लटका दिया। जब बच्चे के पिता को इस भयानक घटना का पता चला, तो वह तुरंत छत पर पहुंचा। बिना देरी किए उन्होंने लटके हुए बच्चे को ऊपर खींच लिया और उसकी जान बचाई। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि बच्चे को बचाने के बाद भी महिला और उसके पति के बीच बच्चे को लेकर काफी देर तक छीना-झपटी चलती रही, इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

पड़ोसी से विवाद बना वजह?

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला का अपने बच्चे को लेकर पड़ोसी से झगड़ा हुआ था। झगड़े की वजह से महिला गुस्से में थी। गुस्साई महिला ने अपने ही बच्चे को छत से फेंकने की कोशिश की। यह घटना इतनी चौंकाने वाली है कि इसे देखने वाले लोग स्तब्ध हैं।

मकान मालिक ने दे दिया खाली करने का नोटिस

महिला और उसका परिवार पिछले एक साल से इस मकान में किराए पर रह रहा था। वे मूल रूप से दूसरे राज्य से हैं। पुलिस ने इस घटना के बाद पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद की भी जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर मालवीयनगर पुलिस ने पति-पत्नी के बयान भी दर्ज किए हैं। वहीं दूसरी तरफ इस घटना के बाद मकान की मालकिन भी तुरंत मौके पर पहुंची। इस भयानक मंजर को देखने के बाद, उन्होंने परिवार को मकान खाली करने का नोटिस दे दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।