अमेरिका में करियर बनाने का सपना लेकर पहुंची भारतीय महिला रुचिका जैन की नौकरी जाने की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। उन्होंने अपनी पहली अमेरिकी नौकरी से जुड़े अनुभव को साझा करते हुए बताया कि किस तरह छह महीने काम करने के बाद अचानक उनकी भूमिका खत्म कर दी गई। रुचिका के लिए यह झटका इसलिए भी बड़ा था क्योंकि वह कंपनी से फुल टाइम ऑफर लेटर मिलने का इंतजार कर रही थीं। उन्होंने बताया कि प्रोबेशन पूरा करने और लगातार मेहनत करने के बावजूद उन्हें बिना किसी स्पष्ट चेतावनी के नौकरी से हटाने की जानकारी दी गई।
