Credit Cards

Mumbai Rains Alert: मानसून से पहले ही मुंबई में मूसलाधार बारिश! IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, देरी से चल रही हैं लोकल ट्रेनें

Mumbai Rains Alert: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार (25 मई) को महाराष्ट्र में दस्तक दी। इसी के साथ राज्य में 35 वर्षों में पहली बार इतनी जल्दी मानसून पहुंचा है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि अगले तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मुंबई और कुछ अन्य भागों तक पहुंचने की उम्मीद है। मानसून के आने से पहले ही मुंबई में भारी बारिश शुरू हो गई है। कई इलाके जलमग्न हैं। लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हैं

अपडेटेड May 26, 2025 पर 10:15 AM
Story continues below Advertisement
Mumbai Weather: मुंबई में पिछले सप्ताह से शहर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और जलभराव हो रहा है

Mumbai Weather: मानसून के दस्तक देने से पहले ही मुंबई के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। रविवार रात भर और सोमवार सुबह से जारी बारिश से मुंबई थम सी गई है। शहर के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। परिवहन सेवाएं बाधित हो गई हैं। कुर्ला, सायन, दादर और परेल के कई निचले इलाके काफी हद तक प्रभावित हुए हैं। सोमवार सुबह कई इलाकों में जलभराव की शिकायत आई, जिस वजह से भारी ट्रैफिक जाम हो गया। मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को मुंबई के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। IMD ने कहा कि देश की आर्थिक राजधानी में इस सप्ताह भारी बारिश होगी। इस दौरान सतही हवा (41-61 किमी प्रति घंटे की गति) चलेगी।

मौसम अधिकारियों के अनुसार, मुंबई के नरीमन पॉइंट इलाके में सोमवार सुबह 6 से 7 बजे के बीच 40 मिमी बारिश हुई। जबकि ग्रांट रोड में 36 मिमी, कोलाबा में 31 मिमी और बायकुला में 21 मिमी बारिश हुई। उन्होंने कहा कि मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में सोमवार सुबह से हल्की बारिश हो रही है।

IMD ने कहा कि शहर में तेज बारिश, मध्यम गरज के साथ बौछारें और अधिकतम सतही हवा (41-61 किमी प्रति घंटे की गति) देखने को मिलेगी। ठाणे और पालघर के लिए सुबह 9 बजे तक ऑरेंज अलर्ट और नवी मुंबई के लिए उसी समय तक रेड अलर्ट भी जारी किया गया।


रेलवे ट्रैक जाम

लगातार बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर जलभराव हो गया है। इससे उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में देरी हो रही है। लोकल ट्रेनें समय से पांच से 10 मिनट देरी से चल रही हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर कल्याण की ओर जाने वाली धीमी ट्रेनें पांच मिनट देरी से चल रही हैं। जबकि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जाने वाली ट्रेनें 10 मिनट देरी से चल रही हैं।

हार्बर और पश्चिमी लाइन पर भी ट्रेन सेवाओं में इसी तरह की देरी हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों में पूरे दिन भारी बारिश के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है। रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में बहुत भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम कार्यालय के अनुसार, अगले तीन से चार घंटों में महाराष्ट्र के कुछ जिलों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के साथ गरज और भारी बारिश की आशंका है। राज्य प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने मुंबई के निवासियों से आग्रह किया है कि वे जब तक आवश्यक न हो अपने घरों से बाहर न निकलें।

पुणे के बारामती और इंदापुर तहसीलों में रविवार को भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद जिलाधिकारी के तत्काल अनुरोध पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को विशेष टीम तैनात करनी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि बारामती तहसील में दिन में 83.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इंदापुर में यह आंकड़ा 35.7 मिमी रहा।

महाराष्ट्र में मानसून की एंट्री

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को महाराष्ट्र में दस्तक दी। इसी के साथ राज्य में 35 वर्षों में पहली बार इतनी जल्दी मानसून पहुंचा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि अगले तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मुंबई और कुछ अन्य भागों तक पहुंचने की उम्मीद है। IMD की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि 1990 में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 20 मई को महाराष्ट्र में दस्तक दी थी।

आईएमडी ने बताया कि मानसून रविवार को अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक, पूरे गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तरी बंगाल की खाड़ी, तथा मिजोरम के कुछ हिस्सों, मणिपुर और नगालैंड के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया। बयान में कहा गया कि मानसून की मौजूदा उत्तरी सीमा देवगढ़, बेलगावी, कावेरी, मांड्या, धर्मपुरी, चेन्नई, आइजोल और कोहिमा आदि है।

ये भी पढे़ं- 'पुतिन पूरी तरह पागल हो गए हैं': यूक्रेन पर सबसे बड़े हमले से भड़के ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति पर साधा निशाना

आईएमडी ने कहा, "मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, बेंगलुरु सहित कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तथा अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।