अमेरिका में एक सांप के इलाज के दौरान पशु चिकित्सकों के सामने ऐसा मामला आया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। सांप के शरीर के अंदर एक-दो नहीं, बल्कि तीन गोल्फ बॉल फंसी हुई थीं। उसे इलाज के लिए सैन एंटोनियो के एक एक्सॉटिक एनिमल अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने सांप को बेहोश कर बेहद सावधानी से जांच और इलाज शुरू किया। इसके बाद टीम ने बिना किसी सर्जरी के धीरे-धीरे गोल्फ बॉल को उसके मुंह तक पहुंचाया और एक-एक करके बाहर निकाल लिया। अस्पताल ने इस अनोखे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह घटना चर्चा में आ गई। वीडियो देखकर लोगों के मन में भी सवाल उठा कि आखिर सांप ने गोल्फ बॉल को खाने लायक चीज कैसे समझ लिया। कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि शायद उसे गेंदें अंडे जैसी लगी होंगी।
