गुरुग्राम में 36 लाख रुपये कमाने वाला ये कपल नहीं पैदा कर रहा बच्चा! वजह- 1 BHK खरीदने की क्षमता नहीं, बेबी कैसे करें?

Gurgaon couple: गुड़गांव के एक कपल ने सालाना 36 लाख रुपये की कमाई के बावजूद महंगाई और महंगे स्कूल खर्च के कारण बच्चा न करने का फैसला किया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस खबर ने आधुनिक शहरों में बढ़ते जीवन-यापन के खर्च और मध्यम वर्ग की आर्थिक असुरक्षा पर एक नई बहस छेड़ दी है।

अपडेटेड Apr 29, 2026 पर 2:44 PM
Story continues below Advertisement

आज के दौर में एक अच्छी नौकरी और लाखों का पैकेज किसी भी युवा का सपना होता है। माना जाता है कि अगर आपकी सालाना आय 36 लाख रुपये है, तो आप एक शानदार जीवन जी सकते हैं। लेकिन साइबर सिटी गुड़गांव (गुरुग्राम) की हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल हो रही है, जिसने आधुनिक शहरी जीवन और परवरिश के खर्चों पर एक नई बहस छेड़ दी है।

क्या है पूरा मामला?

यह कहानी गुड़गांव में रहने वाले एक ऐसे कपल की है जिनकी कुल सालाना आय 36 लाख रुपये (36 LPA) है। पति महीने के 2 लाख रुपये कमाता है और पत्नी की आय 1 लाख रुपये प्रति माह है। कागजों पर यह परिवार बेहद संपन्न नजर आता है, लेकिन असलियत में वे माता-पिता बनने के विचार से ही घबरा रहे हैं। उनका मानना है कि इस भारी-भरकम कमाई के बावजूद वे गुड़गांव जैसे शहर में एक बच्चे की परवरिश का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं।

दो बड़ी चुनौतियां


इस दंपती के एक रिश्तेदार, हर्ष गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर उनकी आपबीती साझा की। उनके अनुसार, इस जोड़े की सबसे बड़ी चिंता सिर छिपाने की छत और शिक्षा है। गुड़गांव के रियल एस्टेट मार्केट की हालत यह है कि ₹3 लाख प्रति माह कमाने के बाद भी यह कपल वहां एक ढंग का 1BHK फ्लैट खरीदने या उसका खर्च उठाने में खुद को असमर्थ महसूस कर रहा है।

सिर्फ घर ही नहीं, बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी एक बड़ा डर बनकर उभरा है। दंपति का कहना है कि एक अच्छे प्राइवेट स्कूल की फीस और अन्य खर्चों के लिए हर महीने कम से कम 35,000 से 40,000 रुपये अलग से रखने होंगे। घर की ईएमआई, ऊंचे मेंटेनेंस चार्ज और महंगाई के बीच यह अतिरिक्त बोझ उन्हें अपनी आर्थिक स्थिति के लिए जोखिम भरा लग रहा है।

एक सामाजिक समस्या की ओर इशारा

हर्ष गुप्ता ने इस पोस्ट के जरिए एक गंभीर मुद्दे की ओर ध्यान खींचा है। उन्होंने लिखा, "जब सालाना 36 लाख कमाने वाला परिवार खुद को 1BHK और स्कूल फीस के लिए 'गरीब' महसूस करने लगे, तो समझ लीजिए कि समस्या आपकी आय में नहीं, बल्कि सिस्टम और रियल एस्टेट मार्केट में है।" यह केवल एक जोड़े की कहानी नहीं है, बल्कि उन हजारों शहरी युवाओं की हकीकत है जो 'चाइल्ड-फ्री' रहने का फैसला कर रहे हैं। शहरों में गिरती प्रजनन दर (Fertility Rate) के पीछे एक बड़ा कारण यही आर्थिक असुरक्षा और आसमान छूती महंगाई है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

इस वायरल पोस्ट ने इंटरनेट पर लोगों को दो गुटों में बांट दिया है। कुछ लोगों का कहना है कि यह कपल बिल्कुल सही सोच रहा है क्योंकि बच्चे को जन्म देना ही काफी नहीं, उसे एक बेहतर भविष्य देना भी माता-पिता की जिम्मेदारी है। वहीं, कुछ लोग इसे 'जीवनशैली की अत्यधिक उम्मीदें' बता रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।