Smartest Fund Manager: गोल्ड की चमक लगातार बढ़ती जा रही है। प्रति 10 ग्राम गोल्ड 1 लाख रुपये के पार पहुंच चुका है। इसे लेकर दिग्गज बैंकर उदय कोटक ने कहा कि दुनिया की सबसे स्मार्ट फंड मैनेजर भारतीय हाउसवाइफ हैं जिनका गोल्ड पर लंबे समय से भरोसा बना हुआ है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व नाम Twitter) पर लिखा कि समय के साथ गोल्ड की बढ़ती चमक ने यह दिखाया है कि भारतीय हाउसवाइव्स दुनिया में सबसे स्मार्ट फंड मैनेजर हैं।
सरकारों, बैंकों और अर्थशास्त्रियों को दी सीखने की सलाह
उदय कोटक के मुताबिक समय के साथ गोल्ड की चमक में उछाल यह दिखाता है कि भारतीय हाउसवाइफ सबसे स्मार्ट फंड मैनेजर हैं। उन्होंने आगे लिखा है कि पंप प्राइमिंग फंडिंग को सपोर्ट करने वाले सरकारों, केंद्रीय बैंकों, अर्थशास्त्रियों को भारत से सीखने की जरूरत है। पंप प्राइमिंग का मतलब है मंदी के दौरान या मंदी के बाद अर्थव्यवस्था में खर्च को प्रोत्साहित करने के लिए उठाए गए कदम। उदय कोटक ने लिखा है कि भारत गोल्ड का आयात अधिक करता है लेकिन वैल्यू सदा के लिए बनती है।
अमेरिकी टैरिफ और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भिड़ंत के बीच निवेशक निवेश के लिए सुरक्षित विकल्प के तौर पर गोल्ड की तरफ भाग रहे हैं। इसके चलते गोल्ड की चमक तेजी से बढ़ रही है। कमजोर डॉलर और टैरिफ वार के चलते अनिश्चितता ने फिजिकल गोल्ड को 1 लाख रुपये के पार पहुंचा दिया। मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 जून 2025 की एक्सपायरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स प्रति 10 ग्राम 98,910 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। स्पॉट गोल्ड करीब 1.8 फीसदी उछलकर प्रति औंस $3,482.26 पर पहुंच गया। अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स करीब 2 फीसदी उछलकर प्रति औंस $3,492.60 पर पहुंच गया।