Mumbai Rains Alert live Update: 35 साल में पहली बार महाराष्ट्र में जल्दी पहुंचा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार (26 मई) को महाराष्ट्र में दस्तक दी। राज्य में 35 वर्षों में पहली बार इतनी जल्दी मानसून पहुंचा है। IMD ने बताया कि अगले तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मुंबई और कुछ अन्य भागों तक पहुंचने की उम्मीद है। IMD की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि 1990 में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 20 मई को महाराष्ट्र में दस्तक दी थी।
IMD ने बताया कि मानसून रविवार को अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक, पूरे गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तरी बंगाल की खाड़ी, तथा मिजोरम के कुछ हिस्सों, मणिपुर और नगालैंड के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया। बयान में आगे कहा गया कि मानसून की मौजूदा उत्तरी सीमा देवगढ़, बेलगावी, कावेरी, मांड्या, धर्मपुरी, चेन्नई, आइजोल और कोहिमा आदि है।
मौसम विभाग ने कहा, "मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, बेंगलुरु सहित कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तथा अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।"