Get App

'थैंक्यू इंडियन नेवी...': चीन ने भारत को कहा शुक्रिया, केरल में जलते जहाज से चीनी क्रू मेंबर को किया था रेस्क्यू

Ship Fire off Kerala Coast: रक्षा सूत्रों ने बुधवार (11 जून) को बताया कि सिंगापुर के ध्वज वाले कंटेनर पोत में लगी आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है। सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि जहाज फिलहाल स्थिर है, लेकिन बंदरगाह की तरफ करीब 10 से 15 डिग्री झुका हुआ है। उन्होंने बताया कि इलाके में बारिश हुई है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Jun 11, 2025 पर 4:53 PM
'थैंक्यू इंडियन नेवी...': चीन ने भारत को कहा शुक्रिया, केरल में जलते जहाज से चीनी क्रू मेंबर को किया था रेस्क्यू
Ship Fire off Kerala Coast: जहाज पर 14 चीनी नागरिकों समेत कुल 22 लोग सवार थे

Ship Fire off Kerala Coast: चीन की सरकार ने केरल तट पर सिंगापुर के कंटेनर जहाज हुए हादसे के बाद मदद करने के लिए भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल का आभार जताया है। अरब सागर में कोच्चि के पास लगभग 44 नॉटिकल मील दूर एक कंटेनर जहाज MV Wan Hai 503 में 9 जून को विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई थी। इसके बाद आग तेजी से फैलने लगी। इस दौरान जहाज में और भी कई विस्फोट हुए, जिससे यह डूबने की कगार पर पहुंच गया था। जहाज में आग लगने की घटना के बाद भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने समय पर कार्रवाई करते हुए बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। इस जहाज पर 14 चीनी नागरिकों समेत कुल 22 लोग सवार थे।

भारतीय नौसेना ने सफल बचाव अभियान चलाकर जहाज पर सवाल 18 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है। तटरक्षक बल के मुताबिक, बचाए गए क्रू मेंबर्स में आठ चीन, छह ताइवान, पांच म्यांमार और तीन इंडोनेशिया के नागरिक हैं। वहीं, अभी चार लापता क्रू मेंबर्स की तलाश जारी है। चीन ने इस मानवीय प्रयास के लिए भारत का धन्यवाद किया है।

चीन की राजदूत यू जिंग ने कहा, "हम भारतीय नौसेना की तेजी और बहादुरी की सराहना करते हैं। उनके प्रयासों से 18 लोगों की जान बची। हम घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।" चीनी प्रवक्ता ने आगे लिखा है कि जहाज पर सवार कुल 22 चालक दल के सदस्यों में से 14 चीनी हैं, जिनमें 6 ताइवान के हैं। हम भारतीय नौसेना और मुंबई कोस्ट गार्ड के प्रति उनके त्वरित और प्रोफेशनल बचाव के लिए आभार व्यक्त करते हैं।

यू जिंग ने आगे कहा, "हम आगे के खोज अभियान के सफल होने और घायल चालक दल के सदस्यों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।" ताजा जानकारी के मुताबिक आग और विस्फोट जहाज के मध्य से लेकर आवास ब्लॉक के आगे कंटेनर में लगी थी। MV Wan Hai 503 एक कंटेनर शिप है जो दक्षिण एशियाई क्षेत्र से होकर गुजर रहा था। यह जहाज सिंगापुर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की ओर जा रहा था। तभी इसमें भीतर से एक विस्फोट हुआ जिसके बाद तेज आग लग गई।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें