अमेरिका के राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस ने शनिवार को स्पेस एजेंसी नासा के एडमिनिस्ट्रेटर के लिए अपनी ओर से नॉमिनेट किए गए जेरेड आइज़कमैन का नाम वापस ले लिया। वह अरबपति बिजनेसमैन एलॉन मस्क के करीबी कहे जाते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह नासा एडमिनिस्ट्रेटर के लिए जल्द ही एक नए उम्मीदवार की घोषणा करेंगे। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल साइट पर एक पोस्ट में लिखा, "पुराने संबंधों के गहरे रिव्यू के बाद मैं नासा के प्रमुख के लिए जेरेड आइज़कमैन के नॉमिनेशन को वापस ले रहा हूं। मैं जल्द ही एक नए नॉमिनी की घोषणा करूंगा जो मिशन के अनुरूप होगा, और अंतरिक्ष में अमेरिका को प्राथमिकता देगा।"
अरबपति और प्राइवेट अंतरिक्ष यात्री आइज़कमैन को मस्क ने नासा का नेतृत्व करने के लिए चुना था। उन्हें अगले सप्ताह अमेरिकी सीनेट के सामने कनफर्मेशन वोट के लिए जाना था। लेकिन अब उनका नॉमिनेशन वापस ले लिया गया है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप प्रशासन आइज़कमैन की जगह किसे चुन सकता है। रॉयटर्स के मुताबिक, तीन लोगों का कहना है कि एक नाम जो चर्चा में है, वह है अमेरिकी वायु सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल स्टीवन क्वास्ट। वह यूएस अंतरिक्ष बल की स्थापना के शुरुआती सपोर्टर थे और ट्रंप सपोर्टर भी हैं।
मस्क की ट्रंप प्रशासन से विदाई तो नहीं है जेरेड का नॉमिनेशन कैंसिल होने की वजह
ट्रंप और व्हाइट हाउस ने यह नहीं बताया है कि यह फैसला किस कारण से लिया गया। लेकिन कई लोग इसे अमेरिकी प्रशासन से मस्क की विदाई के साथ जोड़ रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद ट्रंप ने विशेष सरकारी कर्मचारी के रूप में मस्क को सरकारी दक्षता विभाग का नेतृत्व सौंपा था। उनके नेतृत्व में अमेरिकी सरकार के खर्च घटाने के लिए कई आक्रामक फैसले हुए, जिनमें छंटनी और कुछ फंडिंग प्रोग्राम्स को बंद करना भी शामिल रहा।
इन फैसलों से प्रशासन में अशांति पैदा हुई और ट्रंप के कुछ सहयोगी निराश हो गए। हालांकि यह पहले ही कहा गया था कि मस्क की नियुक्ति कुछ वक्त के लिए ही है। आइज़कमैन का नॉमिनेशन कैंसिल होने पर मस्क ने X पर एक पोस्ट के रिप्लाई में लिखा, "इतना सक्षम और नेकदिल व्यक्ति मिलना दुर्लभ है।"
आइज़कमैन ने एक पोस्ट में कहा, "चर्चा और उथल-पुथल के माध्यम से यह हमेशा स्पष्ट नहीं हो सकता है, लेकिन कई सक्षम, समर्पित लोग हैं जो इस देश से प्यार करते हैं और मिशन के बारे में गहराई से परवाह करते हैं। मैं राष्ट्रपति ट्रंप, सीनेट और मेरा सपोर्ट करने वाले सभी लोगों का अविश्वसनीय रूप से आभारी हूं।"