Trump’s Gaza Peace Plan: 7 अक्टूबर 2023 से शुरू हुए इजरायल-गाजा युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक बड़ा मोड़ आया है। फलस्तीनी समूह हमास ने घोषणा की है कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गाजा शांति प्रस्ताव के तहत सभी इजरायली बंधकों चाहे वे जीवित हों या मृत सभी को रिहा करने के लिए तैयार है। हमास ने यह फैसला इजरायली सेना की गाजा से पूर्ण वापसी और युद्ध को खत्म करने की मांग करते हुए लिया है।
ट्रंप ने दिया था रविवार शाम तक का अल्टीमेटम
यह सहमति अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हमास को दिए गए एक अल्टीमेटम के बाद आई है। दरअसल ट्रंप ने हमास को चेतावनी दी थी कि वे रविवार शाम 6 बजे तक इजरायल के साथ शांति समझौते पर सहमत हो जाएं, अन्यथा उन्हें 'ऐसा भयंकर त्रासदी से गुजरना होगा जो पहले कभी नहीं देखा गया।' दो साल से चल रहे गाजा युद्ध को समाप्त करने का आग्रह कर रहे ट्रंप ने कहा था कि हमास को बंधकों को रिहा करने और शत्रुता को रोकने के लिए 'आखिरी मौका' दिया जा रहा है।
इजरायल-गाजा शांति प्रस्ताव की मुख्य बातें
राष्ट्रपति ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हुई बैठक के बाद व्हाइट हाउस ने 20 सूत्रीय प्रस्ताव जारी किया था। ट्रंप ने इसे युद्ध को समाप्त करने और गाजा की युद्ध के बाद की शासन व्यवस्था स्थापित करने का रोडमैप बताया है। योजना में सबसे पहले तत्काल युद्धविराम की मांग की गई है। इसमें सभी बंधकों की रिहाई का प्रावधान शामिल है। इसके साथ ही गाजा के लिए एक चरणबद्ध तरीके से नई प्रशासनिक संरचना की स्थापना की बात कही गई है।
हमास ने अपने बयान में कहा है कि उसने ट्रंप की योजना के कुछ तत्वों को स्वीकार कर लिया है। इसमें सत्ता त्यागने और बचे हुए बंधकों को रिहा करने का प्रावधान शामिल है। हालांकि, समूह ने यह भी कहा कि इस प्रस्ताव के अन्य पहलुओं पर फलस्तीनियों के बीच अभी और परामर्श की आवश्यकता है।
हमास द्वारा सभी बंधकों को रिहा करने की सहमति भले ही शर्तों के साथ हो लेकिन सालों से चल रहे इस खूनी संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि अभी भी यह देखना होगा कि इजरायल और फलस्तीनी आगे इस समझौते को कैसे लागू करते हैं।