Iran Strikes Haifa Refinery: मिडिल ईस्ट में जारी भीषण युद्ध अब एक-दूसरे की 'ऊर्जा अर्थव्यवस्था' को तबाह करने के चरण में पहुंच गया है। शनिवार देर रात ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इजरायल की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी, हाइफा (Haifa) रिफाइनरी पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला करने का दावा किया है। यह हमला तेहरान स्थित ईरानी तेल डिपो पर इजरायली हवाई हमलों के जवाब में किया गया है।
खेबर शिकन मिसाइलों से दहला हाइफा
ईरान की समाचार एजेंसी 'मेहर' के मुताबिक, IRGC ने इस ऑपरेशन में अपनी आधुनिक 'खेबर शिकन' (Kheibar Shekan) सॉलिड-फ्यूल बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया। हाइफा खाड़ी में स्थित Bazan Group की ये रिफाइनरी इजरायल की सबसे बड़ी तेल प्रसंस्करण सुविधा है। यह रिफाइनरी इजरायल की घरेलू ईंधन जरूरतों का लगभग 50 से 60 प्रतिशत हिस्सा पूरा करती है।
शनिवार को हाइफा इलाके में हवाई हमले के सायरन सुने गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रिफाइनरी के पास धमाके के दावे किए जा रहे हैं, हालांकि इजरायल की ओर से अभी तक किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तेहरान में इजरायल के किया था एयरस्ट्राइक
ईरान का यह पलटवार इजरायल द्वारा कुछ ही घंटों पहले तेहरान में की गई कार्रवाई का नतीजा था। इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने शनिवार रात तेहरान में 'ईंधन भंडारण परिसरों' पर हमले किए। 'नेशनल ईरानी ऑयल प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी' के सीईओ ने पुष्टि की कि तेहरान और अलबोर्ज़ में चार तेल डिपो और एक परिवहन केंद्र को निशाना बनाया गया। सोशल मीडिया पर तेहरान के आसमान में उठते धुएं और आग की लपटों के वीडियो सामने आए हैं।
जून 2025 की यादें हुईं ताजा
हाइफा की यह रिफाइनरी पहले भी ईरान के निशाने पर रही है। जून 2025 में हुए एक मिसाइल हमले में यहाँ तीन मजदूरों की मौत हुई थी और रिफाइनरी को कई महीनों के लिए बंद करना पड़ा था। ताजा हमले ने एक बार फिर इजरायल की ऊर्जा सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिडिल ईस्ट में तेल रिफाइनरियों और डिपो पर होते ये हमले वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता पैदा कर रहे हैं।
युद्ध में बढ़ता मौत का आंकड़ा
28 फरवरी से शुरू हुए इस महायुद्ध ने अब तक भारी तबाही मचाई है:
ईरान: अब तक कम से कम 1,230 लोग मारे जा चुके हैं।
लेबनान: करीब 300 से अधिक लोगों की जान गई है।
इजरायल: अधिकारियों के मुताबिक अब तक करीब एक दर्जन लोगों की मौत हुई है।