Afghanistan-Pakistan conflict: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सुरक्षा बलों की तरफ से किए गए हमले के बाद इसके जवाब में कई अफगान सीमा चौकियों, ट्रेनिंग सेंटरों और प्रमुख ठिकानों को नष्ट करने का दावा किया है। साथ ही पाकिस्तानी सेना ने 200 से अधिक तालिबानी लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया है। पाकिस्तान ने गुरुवार को काबुल में हवाई हमले किए थे। इसके बाद शनिवार से दोनों पक्षों के बीच झड़पें हो रही हैं।
पाकिस्तान ने शनिवार (11 अक्टूबर) को अफगानिस्तान पर बिना वजह के एयरस्ट्राइक कर दिया। इसके बाद सत्ताधारी तालिबान ने 24 घंटे के भीतर पाकिस्तान पर जवाबी हमला किया। तालिबान ने शनिवार रात भर हुई झड़पों में 58 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। वहीं, कई अन्य घायल हैं।
इसके बाद अब पाकिस्तान ने रविवार तड़के अफगानिस्तान पर जवाबी कार्रवाई की। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने एक बयान में दावा किया है कि सीमा पर हुई इन झड़पों में 200 से अधिक अफगान सैनिक मारे गए हैं। न्यूज एजेंसी ने आगे कहा कि वह स्वतंत्र रूप से इस आंकड़े की पुष्टि नहीं कर सकती। तालिबान ने आधिकारिक तौर पर अपनी ओर से 9 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।
वहीं, अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा, "अगर विरोधी पक्ष फिर से अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करता है तो हमारे सशस्त्र बल देश की सीमाओं की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हम उसका माकूल जवाब देंगे।" अफगान बलों ने खैबर पख्तूनख्वा में अंगूर अड्डा, बाजौर, कुर्रम, दीर और चित्राल एवं बलूचिस्तान में बारामचा स्थित पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाया।
वहीं, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने सीमा चौकियों पर तालिबान के हमलों को अकारण बताया। साथ ही उन पर आम नागरिकों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "अफगान बलों ने नागरिक आबादी को निशाना बनाकर गोलीबारी की जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों का घोर उल्लंघन है। पाकिस्तान के जांबाज सुरक्षा बलों ने त्वरित और असरदार जवाब दिया है। किसी भी उकसावे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
अफगानिस्तान की राजधानी से गुरुवार रात को विस्फोटों की खबरें मिलीं। अफगानिस्तान ने इन हमलों के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, पाकिस्तानी सेना ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया। माना जा रहा है कि काबुल में हमलों के बाद अफगान सुरक्षा बलों ने शनिवार रात पाकिस्तान को निशाना बनाकर हमले किए।
सरकारी मीडिया के अनुसार, पाकिस्तान ने रविवार तड़के जवाबी कार्रवाई करते हुए कई सीमावर्ती इलाकों पर हमला किया गया। इस दौरान अफगान सीमा चौकियों को नष्ट कर दिया गया। इस बीच अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी ने रविवार को नई दिल्ली में कहा कि पाकिस्तान के साथ अपने संघर्ष का अफगानिस्तान शांतिपूर्ण समाधान चाहता है। लेकिन यदि प्रयास सफल नहीं होते हैं तो उसके पास अन्य विकल्प भी हैं।
अफगान दूतावास में प्रेस वार्ता के दौरान मुत्तकी की यह टिप्पणी अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच आई। मुत्तकी ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है।
उन्होंने कहा, "हम स्थिति का शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं। लेकिन यदि शांति प्रयास सफल नहीं होते हैं, तो हमारे पास अन्य विकल्प भी हैं।" अफगान विदेश मंत्री ने कहा, "पाकिस्तान के लोगों और सरकार के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं। लेकिन उस देश में कुछ तत्व समस्याएं पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।"