Kashmir Pahalgam Terror Attack: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल संधि को निलंबित करने और राजनयिक संबंधों को कम करने के भारत के कदमों पर विचार करने के लिए गुरुवार (24 अप्रैल) को सरकार के प्रमुख मंत्रियों और तीनों सेना प्रमुखों के साथ एक बड़ी बैठक की। पाकिस्तान ने भारतीय एयरलाइन के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। साथ ही वाघा बॉर्डर चौकी को भी बंद करने की घोषणा की है। इसके अलावा भारत के साथ सभी प्रकार के व्यापार पर रोक लगा दी है।
पाक ने कहा कि सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान को मिलने वाले पानी को रोकने या परिवर्तित करने का कोई भी प्रयास युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। ये घोषणाएं प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद की गईं। शरीफ ने पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल संधि को निलंबित करने और राजनयिक संबंधों को कमतर करने के भारत के कदमों पर उचित प्रतिक्रिया के संबंध में विचार करने के लिए सरकार के प्रमुख मंत्रियों और तीनों सेना प्रमुखों के साथ बैठक की।
भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमले में 26 लोगों की जान जाने के बाद बुधवार को 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया। साथ ही पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंधों को कम करने की घोषणा की जिसमें उसके सैन्य अताशे को निष्कासित करना भी शामिल है।
राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (NCS) की बैठक के बाद जारी एक बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान की संप्रभुता और सुरक्षा को किसी भी तरह का खतरा होने पर हर तरह से मजबूती से जवाब दिया जाएगा। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इसमें कहा गया है, "इस तरह की रणनीतियां केवल तनाव को बढ़ाने और क्षेत्र में शांति और स्थिरता के मार्ग में बाधा डालने का काम करती हैं।"
बैठक में भारतीय एयरलाइन के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र और वाघा सीमा चौकी को बंद करने का निर्णय लिया गया। बयान के अनुसार इस्लामाबाद ने वीजा छूट योजना के तहत भारतीयों के लिए वीजा निलंबित किया। हालांकि, सिख तीर्थयात्रियों को इससे अलग रखा गया है।
पाकिस्तान ने भारत के साथ सभी तरह के व्यापार पर रोक लगा दी, जिसमें तीसरे देशों के माध्यम से होने वाले व्यापार भी शामिल हैं। पाकिस्तान ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद सिंधु जल संधि को निलंबित करने के भारत के फैसले को खारिज किया। उसने कहा कि यह 24 करोड़ पाकिस्तानियों के लिए जीवन रेखा है।
बयान में कहा गया, "सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान को मिलने वाले पानी को रोकने या परिवर्तित करने का कोई भी प्रयास युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा।" इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायोग में अपने सैन्य सलाहकारों को भी 30 अप्रैल तक वहां से चले जाने को कहा है।