टेस्ला को बड़ा झटका लगा है। अमेरिका के एक कोर्ट ने टेस्ला को 2019 में हुए एक कार हादसे में 32.9 करोड़ डॉलर का मुआवजा देने का आदेश दिया है। पीड़ित महिला और उसके ब्यॉयफ्रेंड को टेस्ला की ऑटोपायलट फीचर वाली कार ने टक्कर मार दी थी। यह टेस्ला के खिलाफ अब तक आए कोर्ट के फैसलों में से सबसे बड़ा है। यह एक बड़े बदलाव का संकेत हो सकता है, क्योंकि इससे पता चलता है कि कोर्ट्स ड्राइवर-असिस्टेंस वाली कारों के क्रैश के मामलों में टेस्ला की जिम्मेदारी के बारे में क्या सोचते हैं। टेस्ला इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है। दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलॉन मस्क इसके सीईओ हैं।
टेस्ला की ऑटोपायलट कार ने दो लोगों को कुचल दिया था
यह हादसा फ्लोरिडा की एक अंधेरी सड़क पर देर रात हुआ था, जिसमें 22 साल की नाइबल बेनावाइड्स की मौत हो गई थी, जबकि उनके ब्यॉयफ्रेंड डिलोन एंजुलो बुरी तरह से घायल हो गए थे। Tesla की मॉडल 3 कार ने दोनों को तब कुचल दिया था, जब वे सड़क किनारे खड़े थे। टेस्ला के ड्राइवर ने यह माना था कि मोबाइल फोन की वजह से उसका ध्यान बंट गया था। लेकिन, मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि टेस्ला की ऑटोपायलट टेक्नोलॉजी भी फेल कर गई थी। कोर्ट ने कहा कि कंपनी अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकती है।
कोर्ट ने मानवीय गलती के साथ टेक्नोलॉजी की चूक को हादसे की वजह माना
कोर्ट के इस फैसले को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें मानवीय गलती के साथ टेक्नोलॉजी की असफलता को हादसे के लिए जिम्मेदार माना गया। इससे यह संकेत मिलता है कि ड्राइवर-असिस्ट सिस्टम्स खासकर 'ऑटोपायलट'फीचर वाली कारों के साथ भी कानूनी और नैतिक जिम्मेदारी जुड़ी हुई हैं। इससे पहले टेस्ला ऐसे मामलों का निपटारा कोर्ट से बाहर करने में सफल रही थी या सुनवाई के दौरान मामले खारिज हो गए थे। इसलिए फ्लोरिडा हादसे के मामले में कोर्ट का फैसला नई शुरुआत का संकेत हो सकता है।
कोर्ट के इस फैसले के बाद ऐसी शिकायतों की बाढ़ आ सकती है
लॉस एंजेलिस के एक वकील ने कहा, "इस फैसले के बाद ऐसे मामलों की बाढ़ आ सकती है। कई लोग कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं।" इस मामले में नाटकीय मोड़ तब आया था, जब पीड़िता के वकील ने टेस्ला पर सूबत छिपाने के आरोप लगाए थे। उसने कहा था कि क्रैश के कुछ सेकेंड्स पहले के वीडियो और डेटा डिलीट कर दिए गए थे। टेस्ला कोर्ट से यह कहती रही कि फुटेज उपलब्ध नहीं थे। लेकिन, एक फोरेंसिक एक्सपर्ट उन डेटा को खोज निकाला था, जिसके नहीं होने का दावा टेस्ला करती रही थी।
ऑटोपायलट टैक्सी सर्विस शरू करने के प्लान को लगेगा झटका
कोर्ट का यह फैसला ऐसे वक्त आया है जब एलॉन मस्क टेस्ला की ड्राइवरलेस टैक्सी सर्विस इस साल के अंत तक अमेरिका के कई शहरों में शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। यह सच है कि 2019 के क्रैश के बाद से टेस्ला ने अपने ऑटोपायलट सिस्टम को काफी बेहतर किया है। लेकिन, कोर्ट के फैसले से टेस्ला की पारदर्शिता, डेटा प्रैक्टिसेज और इसके सॉफ्टेवयर की क्षमता संदेह के दायरे में आ गई है।