Donald Trump vs Elon Musk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और स्पेसएक्स के सीईओ एलॉन मस्क के बीच विवाद शुरू हो गया है। ट्रंप और मस्क की दोस्त काफी गहरी थी, लेकिन अब दोनों के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। एलॉन मस्क ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच की दुश्मनी अब और गहरी दिखने लगी है। वे दोनों सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे के खिलाफ हमला बोल रहे हैं। वहीं, वॉल स्ट्रीट जर्नल ने शुक्रवार को बताया कि डोनाल्ड ट्रंप अपनी टेस्ला कार को बेचने पर विचार कर रहे हैं।
इसी साल खरीदी Tesla कार भी बेचेंगे!
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह इलेक्ट्रिक कार मार्च में खरीदी थी, जो फिलहाल व्हाइट हाउस में खड़ी है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस गाड़ी को बेचने का फैसला मस्क के साथ हुए टकराव के चलते लिया जा रहा है। डोनाल्ड ट्रंप ने एलॉन मस्क की कंपनी टेस्ला का समर्थन करने के लिए एक लाल रंग की टेस्ला कार खरीदी थी। उस वक्त उन्होंने यह भी साफ किया था कि वे यह कार पूरी कीमत देकर खरीद रहे हैं, जिसकी कीमत करीब 80,000 डॉलर थी। ट्रम्प ने कहा था कि उन्हें छूट नहीं चाहिए, क्योंकि अगर वह रियायत लेते तो लोग कहते कि उन्होंने फायदा उठाया।
हाल ही में दोनों के बीच मतभेद तब सामने आए जब ट्रम्प ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि वे एलॉन मस्क से बहुत निराश हैं क्योंकि मस्क ने उनके खर्च से जुड़े बिल की आलोचना की थी। ट्रंप का कहना था कि उन्होंने मस्क की काफी मदद की है। ट्रंप ने एक इंटरव्यू में एलॉन मस्क पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें व्हाइट हाउस की बहुत याद आती है और वे 'ट्रंप डिरेंजमेंट सिंड्रोम' से जूझ रहे हैं। इसके बाद मस्क ने पलटवार किया और दोनों के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस हो गई। मस्क ने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी 2024 का चुनाव उनके समर्थन के बिना नहीं जीत सकती थी। मस्क ने ट्रंप का नाम जेफरी एपस्टीन से जुड़े सरकारी दस्तावेजों में होने का दावा भी किया, हालांकि इसका कोई सबूत नहीं दिया।
शुक्रवार को यह खबर आई थी कि डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क फोन पर बातचीत कर सकते हैं ताकि उनके बीच चल रहा विवाद खत्म हो सके, लेकिन व्हाइट हाउस ने इन खबरों को सिरे से नकार दिया। खुद ट्रंप ने भी यह साफ कर दिया कि उन्हें मस्क से बात करने की कोई खास इच्छा नहीं है। उन्होंने मस्क को ऐसा इंसान बताया जो "समझदारी खो चुका है"।