एस्ट्रोनॉमर, वह नाम जो कुछ वक्त पहले तक केवल टेक इंडस्ट्री में ही जाना जाता था। लेकिन आज यह हर तरफ चर्चा में है। इसके सुर्खियां बनने की वजह है एस्ट्रोनॉमर के सीईओ एंडी बायरन का तथाकथित अफेयर। हुआ यूं कि बुधवार को अमेरिका के बोस्टन के जिलेट स्टेडियम में कोल्डप्ले के लाइव म्यूजिक इवेंट के दौरान क्रिस मार्टिन ने दर्शकों को क्लासिक 'किस कैम' (Kiss Cam) गेम से जोड़ने का फैसला किया। जैसे ही कैमरा हजारों फैन्स पर घूमा, यह अचानक बायरन और उनकी कंपनी की चीफ पीपुल ऑफिसर क्रिस्टिन कैबोट पर जा रुका। उस वक्त दोनों एक-दूसरे को गले लगाए हुए थे।
इस क्लिप ने उनके 'सीक्रेट रिलेशन' को लेकर अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। बायरन, क्रिस्टीन को पीछे से पकड़ते नजर आए। लेकिन जैसे ही दोनों को कैमरे का अंदाजा हुआ, क्रिस्टीन उनका हाथ छुड़ाकर अलग होते नजर आती हैं। बता दें कि बायरन शादीशुदा हैं। इस वाकये के बाद अमेरिकी स्टार्टअप एस्ट्रोनॉमर अचानक से काफी चर्चित हो गया है।
एस्ट्रोनॉमर क्या करती है?
न्यूयॉर्क स्थित स्टार्टअप एस्ट्रोनॉमर साल 2018 में शुरू हुआ था। यह कंपनी डेटा ऑर्केस्ट्रेशन इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराती है, जो मूल रूप से AI और एनालिटिक्स टूल्स के पीछे की संरचना है। AI तभी भरोसेमंद कहलाता है, जब फीड किया जाने वाला डेटा साफ, सटीक और अच्छी तरह से मैनेज्ड हो। यहीं पर एस्ट्रोनॉमर का रोल शुरू होता है। एस्ट्रोनॉमर ऐसे टूल बनाती है जो अपाचे एयरफ्लो के साथ काम करते हैं। एयरफ्लो एक ओपन-सोर्स प्लेटफॉर्म है, जिसका इस्तेमाल डेटा इंजीनियर वर्कफ्लो को शेड्यूल, मॉनिटर और मैनेज करने के लिए करते हैं। आसान भाषा में कहें तो एयरफ्लो, कारोबारों को सही समय पर सही जगह पर सही डेटा फ्लो सुनिश्चित करने में मदद करता है, और एस्ट्रोनॉमर इस अनुभव का एक एंटरप्राइज-लेवल का वर्जन उपलब्ध कराती है।
एस्ट्रोनॉमर, डेटा पाइपलाइंस को अधिक विश्वसनीय और स्केलेबल बनाती है। इससे कंपनियां दोहराए जाने वाले डेटा टास्क को ऑटोमेट करती हैं, AI और एनालिटिक्स के लिए डेटा को साफ और तैयार करती हैं, अनुपालन और क्वालिटी कंट्रोल सुनिश्चित होता है, कई डेटा सोर्सेज को सहजता से इंटीग्रेट किया जा सकता है। जैसे-जैसे कारोबार AI को अपनाने की ओर बढ़ रहे हैं, एस्ट्रोनॉमर के टूल्स यह सुनिश्चित करने में मदद करते हैं कि उनकी डेटा नींव मजबूत हो। अच्छे डेटा ऑर्केस्ट्रेशन के बिना, बेस्ट AI मॉडल भी विफल हो जाते हैं।
कहा जा रहा है कि एस्ट्रोनॉमर के कस्टमर्स में एपल, फोर्ड और उबर जैसी कंपनियां शामिल हैं। पिचबुक के आंकड़ों के अनुसार, एस्ट्रोनॉमर ने 37.5 करोड़ डॉलर से अधिक जुटाए हैं। इसमें बैन कैपिटल वेंचर्स, इनसाइट पार्टनर्स और सेल्सफोर्स वेंचर्स जैसों का पैसा लगा है।
सीईओ के अफेयर वाले मसले पर एस्ट्रोनॉमर ने एक औपचारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि उसके बोर्ड ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है। CEO एंडी बायरन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि उसके लीडर को आदर्श आचरण और जवाबदेही बनाए रखनी चाहिए।