Delhi Chunav 2025 live: दिल्ली में 30,000 से अधिक पुलिसकर्मी और अर्द्धसैनिक बलों की 220 कंपनी तैनात
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार (5 फरवरी) को हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में 30,000 से अधिक पुलिसकर्मियों एवं अर्द्धसैनिक बलों की 220 कंपनी को तैनात किया गया है। विधानसभा चुनाव के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया, जहां आम आदमी पार्टी (आप) अपने शासन व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर तीसरी बार लगातार जीत की उम्मीद कर रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस वापसी की उम्मीद कर रही हैं। इस चुनाव में दिल्ली के करीब 1.56 करोड़ से अधिक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
राजधानी के राजनीतिक परिदृश्य को नया रूप देने वाले इस मुकाबले में 699 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 13,766 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। करीब 3,000 मतदान केंद्रों को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन से निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया दल, स्ट्राइकिंग टीम और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की एक कंपनी सहित विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
विशेष पुलिस आयुक्त (एसपीएनओ दिल्ली विधानसभा चुनाव) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा, "दिल्ली पुलिस के सभी कर्मी स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। चुनाव पूर्व व्यवस्थाएं पहले ही कर ली गई हैं और दिल्ली पुलिस के सभी वरिष्ठ कर्मचारी शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मतदान स्थल पर हैं।"
उन्होंने बताया कि अर्द्धसैनिक बलों की 220 कंपनियों को तैनात किया गया है, जिनमें से 150 कंपनी सीएपीएफ की और 70 कंपनी 10 अलग-अलग राज्यों की हैं। इसके अलावा, 30,000 से अधिक पुलिसकर्मी, 9,000 होमगार्ड और दिल्ली पुलिस के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।