Maharashtra Politics News: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर भूचाल की खबर सामने आ रही है। शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के नाराज होने की खबर सामने आ रही है। उद्धव बालासाहेब ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में दरार का दावा करते हुए शुक्रवार (24 जनवरी) को कहा कि महाराष्ट्र को उनकी पार्टी से तीसरा उपमुख्यमंत्री मिलेगा। मुंबई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राउत ने कहा कि पर्दे के पीछे की गतिविधियों को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि भविष्य में राज्य में तीन उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं।
संजय राउत ने कहा, "किसी को भी एकनाथ शिंदे को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। वह आज उपमुख्यमंत्री हैं। इससे पहले वह मुख्यमंत्री थे। वह कल वहां नहीं रहेंगे, क्योंकि महाराष्ट्र को उसी पार्टी से तीसरा उपमुख्यमंत्री मिल रहा है। उन्हें (शिंदे को) इस बारे में सोचना चाहिए।" राउत ने शिवसेना की सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तरफ इशारा करते हुए आरोप लगाया कि शिंदे महाराष्ट्र के दुश्मनों के साथ काम कर रहे हैं।
शिवसेना (UBT) नेता की यह टिप्पणी उनके इस दावे के कुछ दिनों बाद आई है कि महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत के पास 20 विधायकों का समर्थन है। दावा किया जा रहा है कि वह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को दो गुटों में बांट सकते हैं।
उद्धव बालासाहेब ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना के प्रमुख नेता राउत ने शिंदे गुट पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वे प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों के डर से पार्टी छोड़कर भाग गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, "ये लोग ईडी और सीबीआई के डर से भाग गए।"
राउत ने कहा, "सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन हम यहां मजबूती से खड़े हैं।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राज्य में सत्ता खोने के बावजूद शिवसेना (यूबीटी) एक मजबूत संगठन बनी हुई है। बालासाहेब ठाकरे की 99वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार शाम बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में आयोजित 'शिवोत्सव' समारोह में दर्शकों को संबोधित करते हुए एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर दिवंगत नेता की विचारधारा को त्यागने का आरोप लगाया था।
इससे पहले राउत ने कहा था कि जब एकनाथ शिंदे पिछले साल नवंबर में समाप्त हुए राज्य विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद न मिलने से नाराज थे, तब सामंत को लाने की योजना थी। हालांकि, सामंत ने पार्टी प्रमुख शिंदे के साथ किसी भी मतभेद से इनकार किया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके और शिंदे के बीच दरार पैदा करने की कोशिश की जा रही है। महाराष्ट्र में फिलहाल एकनाथ शिंदे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख अजित पवार के रूप में दो उपमुख्यमंत्री हैं। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता देवेंद्र फडणवीस फिलहाल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री हैं।