Aamir Khan: बॉलीवुड एक्टर आमिर खान इन दिनों अपनी फिल्म 'सितारे जमीन पर' के प्रमोशन में काफी बिजी है। ये फिल्म 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म के साथ आमिर खान एक लंभे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। फैंस काफी बेसब्री से फिल्म के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं हाल ही में आमिर खान ने फिल्म के ओटीटी रिलीज को लेकर बड़ी बात कही है। आमिर खान ने कहा कि उनकी फिल्म 'सितारे जमीन पर' अभी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नहीं आएगी।
News18 शोशा को दिए एक इंटरव्यू में आमिर खान ने कहा, "वे चाहते हैं कि दर्शक फिल्मों का असली मजा थिएटर में लें। आमिर ने कहा, जब फिल्मों को जल्दी ऑनलाइन रिलीज किया जाता है, तो इससे फिल्म देखने का रियल एक्सपीरिएंस कम हो जाता है। आमिर ने कहा, कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिन्हें सिनेमाघरों में देखना ही बेहतर होता है।
ओटीटी रिलीज से थिएटर में नहीं चल रही फिल्में?
आमिर खान ने कहा, "मैं ऐसे किसी बिजनेस को नहीं जानता, जहां कोई अपना प्रोडक्ट बाजार में लाकर कहे कि अगर आपने अभी नहीं खरीदा, तो चिंता मत कीजिए, मैं इसे आठ हफ्ते में आपके घर मुफ्त भेज दूंगा।" उन्होंने आगे जोड़ा, "यही वजह है कि कई फिल्में सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पातीं, क्योंकि दर्शक जानते हैं कि थोड़े समय बाद वही फिल्म घर पर देखने को मिल जाएगी।"
आमिर खान ने कहा, "आज फिल्मों का हाल कुछ ऐसा हो गया है कि या तो कोई फिल्म बहुत अच्छा करती है या बिल्कुल नहीं चलती। फिल्मों को जल्दी ओटीटी पर रिलीज करने से थिएटर में फिल्म देखने की आदत कमजोर पड़ गई है। इसी वजह से उन्होंने तय किया है कि उनकी अगली फिल्म 'सितारे जमीन पर' सिर्फ सिनेमाघरों में ही दिखाई जाएगी, ताकि दर्शक उसका असली मजा बड़े पर्दे पर ले सकें।" आमिर खान ने कहा, "मुझे सिनेमाघरों और अपने दर्शकों पर पूरा भरोसा है। अगर फिल्म अच्छी होगी, तो लोग उसे जरूर बड़े पर्दे पर देखने आएंगे।"
लाल सिंह चड्ढा पर क्या कहा
वहीं लाल सिंह चड्ढा के थिएटर में मिली ज्यादा अच्छा रिस्पॉस नहीं मिलने के बाद ओटीटी पर बेहतर रिस्पॉन्स मिला, तो इस पर आमिर ने साफ कहा, "अगर किसी को फिल्म सिनेमाघरों में पसंद नहीं आई, तो वह घर पर देख कर भी उसकी राय नहीं बदलेगा। आप सिर्फ देखने की जगह बदलने से फिल्म के बारे में अलग महसूस नहीं करने लगते।”
इस फिल्म ने मेरे दिल को छू लिया
आमिर ने कहा, "लाल सिंह चड्ढा के बाद कई लोगों ने मुझे सलाह दी कि अगली फिल्म एक्शन होनी चाहिए। लेकिन 'सितारे जमीन पर' की कहानी ने मुझे दिल से छू लिया। जब कोई कहानी मेरे अंदर तक उतर जाती है, तो मैं उसे नजरअंदाज नहीं कर पाता। ऐसा ही अनुभव मुझे 'लगान', 'तारे जमीन पर' और 'दंगल' के समय भी हुआ था।"
'सितारे जमीन पर' एक स्पोर्ट्स कॉमेडी ड्रामा फिल्म है, जिसे आर.एस. प्रसन्ना ने डायरेक्ट किया है और इसे आमिर खान व अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 2007 में आई 'तारे जमीन पर' फिल्म का सिक्कल है। इसमें आमिर खान और जेनेलिया देशमुख मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म स्पैनिश मूवी 'चैंपियंस' का हिंदी रीमेक है। इस फिल्म से कई नए कलाकार, जैसे अरौश दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, संवित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली और सिमरन मंगेशकर बॉलीवुड में कदम रख रहे हैं।