Delhi Murder Case: उधार न देना रिटायर्ड RBI कर्मचारी को पड़ा भारी, पति-पत्नी ने उतारा मौत के घाट

Delhi Murder Case: नई दिल्ली में हुई एक घटना ने सबको चौंका दिया है। दरअसल, यहां पर एक पति-पत्नी ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 63 साल के रिटायर्ड कर्मचारी की कथित तौर पर हत्या कर दी। फिलहाल, आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अपडेटेड Apr 22, 2026 पर 9:41 AM
Story continues below Advertisement
दिल्ली के एक कपल ने की रिटायर्ड RBI कर्मचारी की हत्या

Delhi Murder Case: नई दिल्ली में हुई एक घटना ने सबको चौंका दिया है। दरअसल, यहां पर एक पति-पत्नी ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 63 साल के रिटायर्ड कर्मचारी की कथित तौर पर हत्या कर दी। फिलहाल, आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना की जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी। पुलिस के अनुसार, हत्या इसलिए की गई क्योंकि कर्मचारी ने आरोपी दंपति को पैसे उधार देने से इनकार कर दिया था।

आरोपी, जिनकी पहचान दर्जी का काम करने वाले आजाद उर्फ ​​जाजू और उनकी पत्नी रुबीना के रूप में हुई है, को नई दिल्ली के मंदिर मार्ग इलाके में हुई इस घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

घर पर मिला पीड़ित का शव


पुलिस के अनुसार, पीड़ित माधव राम रविवार शाम को अपने घर की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में मृत पाए गए। उनके शरीर पर कई चाकू के घाव थे। यह घर अंध विद्यालय के पास स्थित है।

शाम करीब 5:36 बजे घटना की सूचना PCR कॉल से मिली, जिसके बाद एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “घायल व्यक्ति को तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। RBI के रिटायर्ड मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) कर्मचारी माधव राम अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।”

जांच में जुटी पुलिस

मामला दर्ज कर हत्या की जांच के लिए कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल की फोरेंसिक जांच की, आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान के लिए स्थानीय जानकारी जुटाई।

अधिकारी ने बताया, “तकनीकी निगरानी और लगातार की गई छानबीन से टीम को कम समय में ही संदिग्धों तक पहुंचने में मदद मिली और दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया।”

आरोपी पति-पत्नी ने कबूला जुर्म

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आजाद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पीड़ित से आर्थिक मदद मांगी थी। जब पीड़ित ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो दोनों के बीच बहस छिड़ गई, जो बढ़ गई और चाकूबाजी में तब्दील हो गई।

रुबीना ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि उसने सबूत मिटाने की कोशिश में घटना के बाद आजाद के खून से सने कपड़े धो दिए थे।

अधिकारी ने बताया, “आजाद दर्जी का काम करता है और अपनी पत्नी के साथ नई दिल्ली के गोले मार्केट इलाके में रहता है।”

पुलिस ने कहा कि अतिरिक्त सबूत जुटाने और घटनाक्रम का पूरा पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: कपड़े उतारे, हाथ-पैर बांधे... लड़की ने 'विदेशी स्टाइल प्रपोजल' बता कर बॉयफ्रेंड को जिंदा जलाया!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।