Accident News: बिहार और एमपी में दर्दनाक सड़क हादसा! 18 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

Katihar Accident: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑफिस ने बिहार में हुए जानलेवा सड़क हादसे के पीड़ितों के परिवारों के लिए मुआवज़े का ऐलान किया है। इस हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और लगभग 25 लोग घायल हो गए। यह हादसा शनिवार को कटिहार ज़िले के कोढ़ा पुलिस स्टेशन के इलाके में गेराबारी के पास हुआ

अपडेटेड Apr 12, 2026 पर 9:14 AM
Story continues below Advertisement
Katihar Accident: बिहार में नेशनल हाईवे (NH) 31 पर शनिवार शाम साढ़े छह बजे यह दुर्घटना हुई (AI से तैयार की गई फोटो)

Katihar Accident: बिहार के कटिहार जिले में शनिवार (11 अप्रैल) शाम बस, ट्रक और पिकअप वैन की आपस में हुई भीषण टक्कर में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। जबकि 30 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिखर चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि कटिहार के कोढ़ा प्रखंड में नेशनल हाईवे (NH) 31 पर शाम साढ़े छह बजे यह दुर्घटना हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

हालांकि शुरुआती जानकारी में दुर्घटना में सात लोगों की मौत बताई गई थी। लेकिन घायल हुए छह लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पिकअप वैन में यात्रा कर रहे लोग पड़ोसी पूर्णिया जिले से आ रहे थे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आशंका है कि बस चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।

इस हादसे में बस चालक भी घायल हुआ है। जिला पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, सभी घायलों को पूर्णिया स्थित एक अस्पताल ले जाया गया है। बयान में कहा गया है कि अधिकारी मृतक की पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति दुख व्यक्त किया।


एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, "मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50,000 रुपये प्रति व्यक्ति देने की भी घोषणा की है।"

विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुमार ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि घायलों का बेहतर इलाज हो सके। सीएम के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑफिस (PMO) ने भी इस जानलेवा सड़क हादसे के पीड़ितों के परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।

एमपी में 5 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रक ने सड़क किनारे खड़े छह लोगों को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि सभी पीड़ित एक पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी किकरातालाब गांव के पास वाहन का टायर पंचर हो गया।

ये भी पढ़ें- America Vs China: 'बड़ी मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी'; ईरान को हथियारों भेजने पर ट्रंप ने चीन को चेताया

डिंडोरी के पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने बताया कि पिकअप चालक सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा, "जब ड्राइवर गाड़ी का पंचर बना रहा था, उस पर सवार सभी लोग नीचे उतर गए। इसी दौरान ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।" उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।