'ईरान युद्ध की आड़ में पड़ोसी कर सकता है हरकत', रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी कड़ी चेतावनी

राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को याद दिलाया कि कैसे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने सिर्फ 22 मिनट में उसे घुटनों पर ला दिया था। यह ऑपरेशन कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले के बाद शुरू किया गया था, जिसमें 25 पर्यटकों की मौत हुई थी

अपडेटेड Apr 02, 2026 पर 2:38 PM
Story continues below Advertisement
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी कड़ी चेतावनी (FILE PHOTO)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान में चल रहे युद्ध के माहौल का फायदा उठाकर अगर पाकिस्तान कोई “गलत हरकत” करने की कोशिश करता है, तो भारत उसका कड़ा और निर्णायक जवाब देगा। केरल में एक कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि मौजूदा हालात में हमारा पड़ोसी देश (पाकिस्तान) कोई साजिश कर सकता है, लेकिन अगर ऐसा हुआ, तो भारत की प्रतिक्रिया पहले से भी ज्यादा सख्त होगी।

उन्होंने पाकिस्तान को याद दिलाया कि कैसे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने सिर्फ 22 मिनट में उसे घुटनों पर ला दिया था। यह ऑपरेशन कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले के बाद शुरू किया गया था, जिसमें 25 पर्यटकों की मौत हुई थी।

इस ऑपरेशन के दौरान भारत ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया और कई अहम सैन्य ठिकानों पर भी हमला किया। इसके बाद पाकिस्तान को 10 मई को सीज़फायर की मांग करनी पड़ी।


रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि चाहे उरी हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक हो, पुलवामा हमले के बाद एयर स्ट्राइक हो या फिर ऑपरेशन सिंदूर- भारत ने हर बार आतंकवाद को करारा जवाब दिया है।

हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि पाकिस्तान किस तरह की “गलत हरकत” कर सकता है या इसके पीछे कोई खास खुफिया जानकारी है या नहीं।

इस बीच पाकिस्तान की मीडिया में यह भी दावा किया गया कि भारत कोई “फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन” की तैयारी कर रहा है, लेकिन इस बात का कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आया है।

देश में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘‘देश में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं है’’ और भारत पश्चिम एशिया संघर्ष के के कारण पैदा होने वाले किसी भी ऊर्जा संकट से निपटने के लिए तैयार है।

चुनावी राज्य केरल में एक सैनिक सम्मान सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना के जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले देश के टैंकरों की सुरक्षा कर रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खाड़ी क्षेत्र में भारतीय हितों की रक्षा के लिए अपने कूटनीतिक कौशल का उपयोग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम पश्चिम एशिया की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।’’

वहीं, पाकिस्तान खुद को अमेरिका-ईरान विवाद में मध्यस्थ बताने की कोशिश कर रहा है, लेकिन ईरान ने इन दावों को खारिज कर दिया है, जिससे पाकिस्तान की स्थिति कमजोर नजर आई है।

Raghav Chadha AAP: राघव चड्ढा पर गिरी गाज! आम आदमी पार्टी ने सांसद को राज्यसभा में उपनेता के पद से हटाया, बोलने पर भी लगी रोक

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।