गर्मी शुरुआत में ही रिकॉर्ड तोड़ रही है। अप्रैल की शुरुआत में ही राजधानी दिल्ली में पारा 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। वहीं बीते शनिवार को दिल्ली में तापमान 44.5 डिग्री दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को इस साल का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। कई इलाकों में लू चलने की भी खबरें सामने आईं। पूरे दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया था। मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी इसी तरह की चेतावनी दी है।
